चुनाव

MP Election 2023: MP में 230 विधानसभा सीटों के लिए मतदान आज, 3 दिसंबर को आएंगे नतीजे

मध्यप्रदेश की 230 विधानसभा सीटों के लिए आज 17 नवंबर को वोटिंग हो रही है। इस चुनाव में 2 हजार 533 प्रत्याशी मैदान में हैं।

MP Election 2023: 17,000 से अधिक बनाए गए मतदान केंद्र, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में 3 बजे तक मतदान


मध्यप्रदेश की 230 विधानसभा सीटों के लिए आज 17 नवंबर (शुक्रवार) को वोटिंग हो रही है। इस चुनाव में 2 हजार 533 प्रत्याशी मैदान में हैं। जिनकी किस्मत का फैसला 5.60 करोड़ मतदाता करेंगे। वोटिंग शाम छह बजे तक होगी। नतीजे तीन दिसंबर को आएंगे।
MP Election 2023: मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान शुरू हो चुका है। भाजपा और कांग्रेस दोनों पार्टियों के लिए यह चुनाव किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं होगा। मतदाताओं ने पिछली बार कमलनाथ की 15 महीने और शिवराज की साढ़े तीन वर्ष की सरकार को देखा है। उसी आधार पर जनता अपना फैसला सुना सकती है।

पूर्व सीएम और कांग्रेस नेता कमलनाथ का बीजेपी पर निशाना

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव पर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता कमलनाथ ने मतदान से पहले कहा, सब सच्चाई का साथ देंगे। मैं शिवराज सिंह नहीं हूं जो कहूंगा कि इतनी सीटें आएंगी। जनता तय करेगी कि कितनी सीटें आएंगी। भाजपा के पास पहले पुलिस, प्रशासन और पैसा था, अभी भी।

कैलाश विजयवर्गीय ने कहा BJP ने की प्रदेश सेवा हम सरकार बनाएंगे

इंदौर-1 से भाजपा प्रत्याशी कैलाश विजयवर्गीय ने मतदान से पहले इंदौर में अपने आवास पर पूजा-अर्चना की। पूजा के बाद उन्होंने कहा, मतदाता मतदान आवश्य करें। भाजपा ने जिस प्रकार प्रदेश की सेवा की है। हम सरकार बनाएंगे और हमने मध्य प्रदेश में जैसे पहले विकास किया वैसे हम विकास करेंगे। हम लगभग 150 से ज्यादा सीटें जीतेंगे।

केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल का पांचवी बार सत्ता में आने का दावा

 मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर केंद्रीय मंत्री और नरसिंहपुर से बीजेपी उम्मीदवार प्रह्लाद पटेल ने पांचवी बार बीजेपी के सत्ता में आने का दावा किया। उन्होंने कहा, मैं मध्य प्रदेश के सभी लोगों से 100% मतदान के लक्ष्य को छूने का आग्रह करता हूं। मेरा अनुरोध है कि वे विकास के लिए मिलकर वोट करें। हम आएंगे पूर्ण बहुमत के साथ पांचवीं बार सत्ता में आएंगे।

नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में 3 बजे तक मतदान

मध्य प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) अनुपम राजन ने कहा कि सभी विधानसभा क्षेत्रों में सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा। उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित होने की वजह से बालाघाट जिले की बैहर, लांजी और परसवाड़ा, मंडला जिले की बिछिया और मंडला सीटों के 55 बूथ और डिंडोरी जिले के 40 मतदान केंद्रों पर मतदान का समय सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक होगा। राज्य में कुल 64,626 मतदान केंद्र बनाये गये हैं। सीईओ ने कहा कि इनमें से 64,523 मुख्य बूथ और 103 सहायक केंद्र हैं, जहां मतदाताओं की संख्या 1,500 से अधिक है। राजन ने बताया कि 2,87,82,261 पुरुष, 2,71,99,586 महिला और 1,292 तृतीय लिंग के व्यक्तियों सहित 5,60,58,521 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं।

17,000 से अधिक मतदान केंद्र

अधिकारी ने कहा, “महत्वपूर्ण” मतदान केंद्रों की संख्या 17,032 है, जबकि 5,260 बूथों पर सभी मतदान कर्मी महिलाएं होंगी। जिन बूथों पर पिछले चुनावों के दौरान बहुत अधिक मतदान हुआ या किसी प्रकार की हिंसा देखी गई, उन्हें “महत्वपूर्ण मतदान केंद्र” के रूप में नामित किया गया है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों के लिए 183 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सीईओ राजन ने कहा कि पहली बार युवा-प्रबंधित 371 बूथ स्थापित किए गए हैं, जबकि “मॉडल” मतदान केंद्रों की संख्या 2,536 है। उन्होंने कहा कि 57 “हरित” (पर्यावरण-अनुकूल केंद्र) बूथ भी स्थापित किए गए हैं जिनमें से 50 जबलपुर में और सात बालाघाट में हैं।
अगर आपके पास भी हैं कुछ नई स्टोरीज या विचार, तो आप हमें इस ई-मेल पर भेज सकते हैं info@oneworldnews.com

Back to top button