भारत

Monsoon Update: दिल्ली-NCR समेत 26 राज्यों में होगी भारी बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, अगले तीन दिनों तक जमकर बरसेंगे बादल

Monsoon Update: दिल्ली-एनसीआर में देर रात बारिश होने से गुरुवार की सुबह आसमान में बादल छाए हुए हैं। दिल्ली-एनसीआर में काले बादल के कारण अंधेरा छाया हुआ है। दिल्ली के अलावा बिहार बंगाल सहित 26 राज्यों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

Monsoon Update: इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, बदरीनाथ-यमुनोत्री हाईवे समेत कई सड़कें बंद, जानें अगले तीन दिनों तक कैसा रहेगा मौसम

Table of Contents

मानसून ने अपने तय समय से छह दिन पहले यानी दो जुलाई को पूरे देश को कवर कर लिया है। देश के अधिकांश राज्यों में तेज बरसात हो रही है। पूर्वोत्तर के हिस्से में हालात ज्यादा खराब हैं। मणिपुर और असम में बारिश से बाढ़ की स्थिति बन गई है। मणिपुर में स्कूल-कॉलेज बृहस्पतिवार तक बंद कर दिए गए हैं। वहीं, नगालैंड में बीते कुछ दिनों में बारिश संबंधी घटनाओं से करीब पांच लोगों की मौत हो चुकी है। दिल्ली-NCR में कल रात हुई बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया है।

दिल्ली में ये बारिश खास है क्योंकि लगातार चार दिन तक ऑरेंज अलर्ट में किरकिरी होने के बाद बुधवार को दिल्ली के कई इलाकों में हुई बारिश से राहत मिली है। मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली NCR में गुरुवार को भी बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना है। इस बारिश से उमस कम हो गई और गर्मी से भी राहत मिल गई है। वहीं, दिल्ली के अलावा अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

आज कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि गुरुवार को भी बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। गर्जन वाले बादल बनने, बिजली चमकने और और हल्की वर्षा होने के भी आसार हैं। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 34 और 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान में नौ जुलाई तक हर रोज ही ऐसा मौसम बने रहने की संभावना है।

इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तराखंड, राजस्थान, गुजरात, बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मेघालय, असम, नागालैंड, त्रिपुरा, मिजोरम में भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा मौसम विभाग ने 9 राज्यों जैसे हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गोवा, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

अगले 24 घंटों में यहां बारिश का अनुमान Monsoon Update

स्काईमेट का कहना है कि अगले 24 घंटों में उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश संभव है। पूर्वोत्तर भारत, बिहार, झारखंड, दिल्ली, पूर्वी गुजरात, तटीय कर्नाटक, कोंकण और गोवा, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों, छत्तीसगढ़ और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। जबकि पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों, पूर्वी राजस्थान, विदर्भ, ओडिशा, केरल, हिमाचल प्रदेश, सौराष्ट्र और कच्छ और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, जम्मू कश्मीर, लद्दाख, रायलसीमा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और तमिलनाडु में हल्की बारिश संभव है।

Read More:- UP Weather Update: यूपी के 36 जिलों में होगी झमाझम बारिश, IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट, जानें अगले पांच दिनों तक कैसा रहेगा मौसम

यूपी में पांच दिनों तक होगी भारी बारिश Monsoon Update

उत्तर प्रदेश में लखनऊ समेत मध्य यूपी में आठ जुलाई तक मध्यम से भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को बहुत अत्यधिक बारिश की चेतावनी जारी की गई है। IMD के मुताबिक, आगामी 4-5 दिनों के दौरान प्रदेश के मध्यवर्ती एवं दक्षिणी हिस्सों में भी वर्षा की तीव्रता बढ़ेगी। गुरुवार को मिर्जापुर, संत रविदास नगर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, जालौन और आसपास के जिलों में बहुत भारी बारिश के आसार हैं।

बिहार में भी होगी झमाझम बारिश Monsoon Update

बिहार के पटना समेत 9 जिलों में गुरुवार को बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। सुपौल मधुबनी सीतामढ़ी दरभंगा पूर्वी व पश्चिम चंपारण व कटिहार में अतिभारी वर्षा की चेतावनी है। बारिश के कारण तीन दिनों के दौरान राजधानी का पारा छह डिग्री तक गिर चुका है। बुधवार को राजधानी पटना में 2.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। सिवान के बड़हरिया में सर्वाधिक 235.4 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

उत्तराखंड-असम में आज बारिश का रेड अलर्ट Monsoon Update

इसके अलावा आपको बता दें कि असम और उत्तराखंड में भारी बारिश की संभावना है और दोनों राज्यों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, पूर्वी मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उपहिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, बिहार, नगालैंड, मणिपुर, मिजोर, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश और मेघालय में भारी से भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

बदरीनाथ-यमुनोत्री हाईवे समेत कई सड़कें बंद Monsoon Update

उत्तराखंड में मंगलवार से हो रही बारिश के कारण कई सड़कें मलबा आने से बंद हो गईं। मलबे के कारण चमोली में बदरीनाथ हाईवे जहां 12 घंटे से अधिक समय तक बाधित रहा वहीं उत्तरकाशी में यमुनोत्री हाईवे पर भी करीब तीन घंटे यातायात ठप रहा। इसके चलते बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब और यमुनोत्री धाम के यात्री परेशान रहे। इधर, पौड़ी, टिहरी और रुद्रप्रयाग में भी भारी मात्रा में मलबा आने से कई सड़कें बाधित रहीं। पौड़ी-कोटद्वार हाईवे बुधवार सुबह खोला जा सका। इसके चलते करीब 300 लोग रात भर वहीं फंसे रहे।

We’re now on WhatsApp. Click to join

उत्तराखंड में मूसलधार वर्षा का सिलसिला जारी Monsoon Update

उत्तराखंड में भारी बारिश के दौर का सिलसिला जारी है। देहरादून में दो दिन से लगातार वर्षा हो रही है। कुमाऊं में अगले तीन दिन भारी से बहुत भारी वर्षा को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही प्रदेश में बीते तीन दिन के भीतर सामान्य 36 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई है। दून में 24 घंटे के भीतर 135 मिमी वर्षा दर्ज की गई। जबकि, जौलीग्रांट क्षेत्र में प्रदेश में सर्वाधिक 143 मिमी वर्षा हुई।

अगले तीन दिनों तक कैसा रहेगा मौसम Monsoon Update

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले चार दिनों के दौरान देश के उत्तर-पश्चिम और मध्य हिस्सों में बिजली और गरज के साथ हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 3 और 4 जुलाई को कुछ स्थानों पर भारी से लेकर बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। उत्तराखंड में अगले तीन दिनों के दौरान अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। नगालैंड, मणिपुर, त्रिपुरा, असम एवं मेघालय में 4 से 6 जुलाई के दौरान अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं। मध्य महाराष्ट्र में 5 से 7 जुलाई के दौरान अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

पूरे देश में बारिश के लिए अनुकूल हालात Monsoon Update

पूरे देश में मानसूनी बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हैं। इसके चलते अगले चार दिनों तक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, राजस्थान, छत्तीसगढ़, पूर्व में ओडिशा और झारखंड और दक्षिण में केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्र, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और गुजरात में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्य स्तर की बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

छह दिन पहले पूरे भारत में पहुंचा मॉनसून Monsoon Update

जून के मध्य में धीमी प्रगति के बावजूद दक्षिण-पश्चिम मानसून सामान्य तिथि से छह दिन पहले ही पूरे देश में पहुंच गया था। मानसून केरल और पूर्वोत्तर क्षेत्र में 30 मई को पहुंचा था, जो सामान्य से दो से छह दिन पहले है। आईएमडी ने बताया कि मानसून अपने सामान्य समय से छह दिन पहले ही पूरे भारत में पहुंच गया। आपको बता दें कि अरुणाचल प्रदेश में प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।

अरुणाचल में 60,000 लोग प्रभावित Monsoon Update

नामसाई, लोहित, चांगलांग और पूर्वी सियांग जिले बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। बाढ़ से राज्य में 60,000 लोग प्रभावित हुए हैं। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से नदियों और नालों से दूर रहने को कहा है। मणिपुर के इंफाल पश्चिम और इंफाल पूर्व जिले में बारिश के कारण दो प्रमुख तटबंधों के टूटने से बाढ़ आ गई। बाढ़ का पानी कई रिहायशी इलाकों में घुस गया है। भारत-म्यांमार मार्ग का लगभग तीन किलोमीटर के हिस्से पर पानी भर गया है और एक हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। राहत और बचाव कार्य चल रहा है।

vrinda

मैं वृंदा श्रीवास्तव One World News में हिंदी कंटेंट राइटर के पद पर कार्य कर रही हूं। इससे पहले दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण और नवभारत टाइम्स न्यूज पेपर में काम कर चुकी हूं। मुझसे vrindaoneworldnews@gmail.com पर संपर्क किया जा सकता है।
Back to top button