भारत

Hindi News Today: ताइवान में भूकंप के झटके तो जापान में सुनामी की चेतावनी, बड़ी तबाही से दहला देश, पढ़ें आज की अन्य बड़ी खबर

Hindi News Today: ताइवान के पूर्वी हिस्से में जोरदार भूकंप (Taiwan Earthquake) आया है। जिसके बाद दक्षिणी जापान के कुछ हिस्सों में सुनामी की चेतावनी जारी की गई। यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे (यूएसजीएस) ने कहा कि भूकंप की तीव्रता 7.4 थी, जिसका केंद्र ताइवान के हुआलिएन शहर से 18 किलोमीटर (11 मील) दक्षिण में 34.8 किलोमीटर की गहराई पर था।

Hindi News Today: 2024 में 7.5 प्रतिशत की दर से बढ़ेगी भारतीय अर्थव्यवस्था

ताइवान के पूर्वी हिस्से में जोरदार भूकंप (Taiwan Earthquake) आया है। जिसके बाद दक्षिणी जापान के कुछ हिस्सों में सुनामी की चेतावनी जारी की गई। यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे (यूएसजीएस) ने कहा कि भूकंप की तीव्रता 7.4 थी, जिसका केंद्र ताइवान के हुआलिएन शहर से 18 किलोमीटर (11 मील) दक्षिण में 34.8 किलोमीटर की गहराई पर था। जापान (Japan) की मौसम विज्ञान एजेंसी ने भूकंप की तीव्रता 7.5 बताई है। ताइवान में आया भूकंप इतना जोरदार था कि इससे जापान के दक्षिणी द्वीप बुरी तरह हिल गए। इस भूंकप से जापान के दक्षिणी द्वीप पर बड़ी तबाही हुई है। यहां कई इमारतें ध्वस्त हो गईं। हालांकि प्रभावित लोगों को घर नहीं छोड़ने की चेतावनी दी गई है।

एनएचके पर एक एंकर ने कहा, “सुनामी आ रही है, कृपया तुरंत खाली कर दें।” आपको बता दें कि ताइवान में अक्सर भूकंप आते रहते हैं क्योंकि यह द्वीप दो टेक्टोनिक प्लेटों के जंक्शन के पास स्थित है। सितंबर 1999 में ताइवान में 7.6 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसमें द्वीप के इतिहास की सबसे घातक प्राकृतिक आपदा में लगभग 2,400 लोग मारे गए। जापान में हर साल लगभग 1,500 झटके महसूस होते हैं। विशेष निर्माण तकनीकों और सख्त भवन नियमों के कारण जापान और ताइवान में आमतौर पर बड़े भूकंपों से भी कम नुकसान होता है। वहीं जापान ने जरूरत पड़ने पर लोगों को सचेत करने और निकालने के लिए तकनीक भी विकसित की है। जापान का अब तक का सबसे बड़ा भूकंप मार्च 2011 में जापान के उत्तर-पूर्वी तट पर आया था, जिसके कारण सुनामी आई और लगभग 18,500 लोग मारे गए या लापता हो गए।

2024 में 7.5 प्रतिशत की दर से बढ़ेगी भारतीय अर्थव्यवस्था

भारतीय अर्थव्यवस्था के लिहाज से एक अच्छी खबर सामने आई है। दरअसल वर्ल्ड बैंक ने अनुमान जताया है कि साल 2024 में भारतीय अर्थव्यवस्था 7.5 फीसदी की दर से विकास करेगी। वर्ल्ड बैंक के पूर्व के अनुमान की तुलना में यह 1.2 प्रतिशत ज्यादा है। वर्ल्ड बैंक ने ये भी कहा है कि पूरे दक्षिण एशिया के देश भी 6 फीसदी की मजबूत दर से विकास करेंगे। वर्ल्ड बैंक ने कहा है कि भारत की तेज विकास दर और पाकिस्तान और श्रीलंका की अर्थव्यवस्थाओं में आ रहे सुधार की वजह से दक्षिण एशियाई देशों की कुल विकास दर तेज रहेगी। वर्ल्ड बैंक ने मंगलवार को दक्षिण एशिया विकास को लेकर ताजा अपडेट जारी किया है, जिसमें उक्त अनुमान जताया गया है। वर्ल्ड बैंक की रिपोर्ट के अनुसार, अगले दो वर्षों में दुनिया में सबसे तेज विकास दक्षिण एशियाई क्षेत्र में ही होगा। साल 2025 में भी दक्षिण एशियाई देशों की कुल विकास दर 6.1 फीसदी रहने का अनुमान है। वर्ल्ड बैंक ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि ‘दक्षिण एशिया की कुल अर्थव्यवस्था में भारत की अर्थव्यवस्था सबसे बड़ी है और भारत की विकास दर वित्तीय वर्ष 2023-24 में 7.5 फीसदी रह सकती है। मिड टर्म के बाद यह वापस 6.6 फीसदी पर आ सकती है।

Read More:- Delhi CM Arvind Kejriwal: क्या जेल से सरकार चला सकते हैं अरविंद केजरीवाल? जानें आम आदमी पार्टी के पास क्या है विकल्प

ज्योति मिर्धा के बयान पर शशि थरूर का हमला

राजस्थान के नागौर से बीजेपी प्रत्याशी ज्योति मिर्धा के संविधान बदलने वाले बयान पर कांग्रेस लगातार मोदी सरकार पर हमलावर है। कांग्रेस ने कहा कि अनंत कुमार हेगड़े के बाद बीजेपी के एक और उम्मीदवार ने संविधान बदलने की बात की है। इन दोनों नेताओं के बयान से ये साफ है कि बीजेपी और प्रधानमंत्री मोदी संविधान और लोकतंत्र से नफरत करते हैं। ज्योति मिर्धा कहती हैं कि संविधान बदलने के लिए हमें दोनों सदनों में प्रचंड बहुमत चाहिए। वहीं इससे पहले अनंत हेगड़े ने कहा था कि अगर लोकसभा चुनावों में 400 सीट मिली तो हम संविधान बदल देंगे। कांग्रेस ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी बाबासाहेब के दिए संविधान को खत्म करना चाहती है। जनता से उनके अधिकार छीन लेना चाहती है।

ज्योति मिर्धा के इस बयान के बाद कांग्रेस नेता शशि थरूर ने कहा, बीजेपी का लक्ष्य संविधान को बदलना है। सच्चाई उजागर करने के लिए भाजपा और कितने उम्मीदवारों को अस्वीकार कर सकती है? बता दें कि बीजेपी ने इस बार छह बार के सांसद हेगड़े का टिकट काट दिया। पार्टी ने संविधान बदलने वाले हेगड़े के बयान से किनारा कर लिया था। वहीं, शशि थरूर के ट्वीट पर ज्योति मिर्धा ने पलटवार करते हुए लिखा, भाजपा का उद्देश्य राष्ट्रीय और सार्वजनिक हित की सेवा करना है। अगर उन उद्देश्यों के लिए संविधान में संशोधन की आवश्यकता पड़े तो ऐसा होगा। उन्होंने कहा कि देशहित में कई कड़े फैसले लेने पड़ते हैं। अगर संविधान के अंदर हमें कोई बदलाव करना होता है तो आप में से कई लोग जानते होंगे कि हमें संसद के दोनों सदनों लोकसभा और राज्यसभा की मंजूरी की आवश्यकता है। लोकसभा में आज बीजेपी और एनडीए के पास प्रचंड बहुमत है लेकिन राज्यसभा में आज भी हमारे पास बहुमत नहीं है। अगर तीसरी बार एनडीए की सरकार आती है तो हम जरूरत पड़ने पर संविधान में संशोधन करेंगे।

We’re now on WhatsApp. Click to join

चीन ने बदले अरुणाचल के इलाकों के नाम तो भड़के असम के सीएम

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने मंगलवार को भारत सरकार से अरुणाचल प्रदेश में स्थानों का नाम बदलने के चीन के प्रयासों के जवाब में “जैसे को तैसा” दृष्टिकोण अपनाने का आग्रह किया। सरमा ने सुझाव दिया कि भारत को चीन के 60 “तिब्बती क्षेत्रों” को अपना नाम देकर इसका प्रतिकार करना चाहिए।सरमा ने यहां संवाददाताओं से कहा, भारत सरकार से मेरा अनुरोध है कि हमें चीन के तिब्बती क्षेत्रों को 60 भौगोलिक नाम देने चाहिए। यह कहते हुए कि यह हमेशा जैसे को तैसा होना चाहिए, सीएम ने कहा, लेकिन मैं कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता क्योंकि यह भारत सरकार का नीतिगत निर्णय है। लेकिन अगर उन्होंने 30 का नाम लिया है तो हमें 60 का नाम देना चाहिए। भारतीय राज्य पर अपने दावे को फिर से जोर देने के लिए हाल के हफ्तों में बीजिंग के बढ़ते दावों के बीच चीन ने अरुणाचल प्रदेश में विभिन्न स्थानों के 30 नए नामों की चौथी सूची जारी की थी।

छत्तीसगढ़ के बीजापुर में बड़ा एनकाउंटर, अब तक 13 नक्सली ढेर

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों और सुरक्षा बलों के बीच जमकर मुठभेड़ हुआ। कल से जवानों और नक्सलियों के बीच हो रही इस मुठभेड़ में अब तक 13 नक्सली मारे गए हैं। अधिकारियों ने इसकी सूचना बुधवार को दी। यह मुठभेड़ मंगलवार सुबह लगभग 6 बजे शुरू हुई जब सुरक्षाकर्मियों की एक संयुक्त टीम लेंडा गांव के जंगल में नक्सल विरोधी अभियान चला रही थी। नक्सलियों और सुरक्षा बलों के बीच यह मुठभेड़ आठ घंटे से अधिक समय तक चली।

अगर आपके पास भी हैं कुछ नई स्टोरीज या विचार, तो आप हमें इस ई-मेल पर भेज सकते हैं info@oneworldnews.com

vrinda

मैं वृंदा श्रीवास्तव One World News में हिंदी कंटेंट राइटर के पद पर कार्य कर रही हूं। इससे पहले दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण और नवभारत टाइम्स न्यूज पेपर में काम कर चुकी हूं। मुझसे vrindaoneworldnews@gmail.com पर संपर्क किया जा सकता है।
Back to top button