सेहत

Migraine vs Brain Tumor: बार-बार होने वाला सिरदर्द माइग्रेन है या ब्रेन ट्यूमर का संकेत? जानें दोनों के बीच का बड़ा अंतर

Migraine vs Brain Tumor: क्या आपका सिरदर्द बार-बार लौट आता है? यह माइग्रेन हो सकता है, लेकिन कुछ मामलों में ब्रेन ट्यूमर का संकेत भी हो सकता है। जानिए माइग्रेन और ब्रेन ट्यूमर के सिरदर्द में क्या अंतर है और कब डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।

Migraine vs Brain Tumor: बार-बार होने वाला सिरदर्द माइग्रेन है या ब्रेन ट्यूमर

Migraine vs Brain Tumor: सिरदर्द एक आम समस्या है, लेकिन जब यह बार-बार होने लगे या समय के साथ बढ़ने लगे, तो चिंता होना स्वाभाविक है। कई लोग बार-बार होने वाले सिरदर्द को माइग्रेन समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, जबकि कुछ मामलों में यह ब्रेन ट्यूमर (Brain Tumor) का संकेत भी हो सकता है। हालांकि हर सिरदर्द ब्रेन ट्यूमर की वजह से नहीं होता, लेकिन दोनों स्थितियों के लक्षणों में अंतर समझना बेहद जरूरी है।

माइग्रेन का सिरदर्द कैसा होता है?

माइग्रेन (Migraine) एक न्यूरोलॉजिकल समस्या है, जिसमें सिरदर्द के साथ कई अन्य लक्षण भी दिखाई दे सकते हैं। माइग्रेन का दर्द आमतौर पर समय-समय पर अटैक के रूप में आता है और कुछ घंटों से लेकर कई दिनों तक रह सकता है। माइग्रेन के दौरान कई लोगों को विजुअल ऑरा (Visual Aura) का अनुभव होता है। इसमें आंखों के सामने चमकती रोशनी, टेढ़ी-मेढ़ी रेखाएं दिखाई देना या कुछ समय के लिए धुंधला दिखना शामिल है। माइग्रेन की सबसे बड़ी पहचान यह है कि अटैक खत्म होने के बाद मरीज सामान्य महसूस करने लगता है और लक्षण पूरी तरह से गायब हो जाते हैं।

ब्रेन ट्यूमर के सिरदर्द की पहचान कैसे करें?

ब्रेन ट्यूमर (Brain Tumor) से जुड़ा सिरदर्द माइग्रेन से काफी अलग होता है। यह दर्द धीरे-धीरे बढ़ता है और समय के साथ अधिक गंभीर हो सकता है। कई मामलों में यह दर्द हफ्तों या महीनों तक लगातार बना रहता है। विशेषज्ञों के अनुसार ब्रेन ट्यूमर का सिरदर्द सुबह के समय ज्यादा तेज महसूस हो सकता है। इसके अलावा खांसने, छींकने या आगे झुकने पर दर्द बढ़ सकता है। यह सिरदर्द सामान्य दर्द निवारक दवाओं से भी आसानी से ठीक नहीं होता।

Read More: World Duchenne Awareness Day 2026: बच्चों को प्रभावित करने वाली इस बीमारी की पूरी जानकारी

ब्रेन ट्यूमर के अन्य चेतावनी संकेत

ब्रेन ट्यूमर के साथ सिर्फ सिरदर्द ही नहीं, बल्कि कई न्यूरोलॉजिकल लक्षण भी दिखाई दे सकते हैं। इनमें शामिल हैं:

  • हाथ या पैर में लगातार कमजोरी महसूस होना
  • शरीर का संतुलन बनाए रखने में परेशानी
  • अचानक दौरे (Seizures) पड़ना
  • बोलने या समझने में दिक्कत होना
  • याददाश्त कमजोर होना
  • आंखों की रोशनी कम होना
  • व्यवहार या व्यक्तित्व में बदलाव आना

यदि सिरदर्द के साथ इनमें से कोई भी लक्षण दिखाई दे, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

Migraine vs Brain Tumor में सबसे बड़ा अंतर?

माइग्रेन का दर्द एपिसोडिक होता है, यानी यह कुछ समय के लिए आता है और फिर चला जाता है। जबकि ब्रेन ट्यूमर से जुड़ा सिरदर्द लगातार बढ़ता रहता है और इसके साथ न्यूरोलॉजिकल समस्याएं भी जुड़ी होती हैं। माइग्रेन के मरीज अटैक खत्म होने के बाद सामान्य महसूस करते हैं, लेकिन ब्रेन ट्यूमर के मामलों में लक्षण धीरे-धीरे गंभीर होते जाते हैं और लंबे समय तक बने रह सकते हैं।

कब डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए?

विशेषज्ञों के अनुसार ज्यादातर सिरदर्द ब्रेन ट्यूमर की वजह से नहीं होते। फिर भी यदि आपको अचानक नया सिरदर्द शुरू हुआ है, दर्द लगातार बढ़ रहा है या सिरदर्द के साथ कमजोरी, दौरे, याददाश्त में कमी या नजर कमजोर होने जैसे लक्षण दिखाई दे रहे हैं, तो तुरंत न्यूरोलॉजिस्ट से सलाह लेनी चाहिए। समय पर जांच और सही इलाज गंभीर बीमारियों की पहचान और उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

We’re now on WhatsApp. Click to join.

अगर आपके पास भी हैं कुछ नई स्टोरीज या विचार, तो आप हमें इस ई-मेल पर भेज सकते हैं info@oneworldnews.com

Back to top button