मौसम अपडेट

Weather Update: उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड का कहर घना कोहरा, शीत लहर और बारिश-बर्फबारी का अलर्ट

उत्तर भारत में अगले कुछ दिन ठंड, कोहरा और शीत लहर के लिहाज से चुनौतीपूर्ण रहने वाले हैं। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने, अनावश्यक यात्रा से बचने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।

Weather Update: घना कोहरा, शीत लहर और बारिश-बर्फबारी का अलर्ट

Weather Update: उत्तर भारत इन दिनों भीषण ठंड की चपेट में है। राजधानी दिल्ली से लेकर उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पहाड़ी राज्यों तक ठंड, घना कोहरा और शीत लहर ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 18 से 22 दिसंबर 2025 के बीच उत्तर भारत के कई हिस्सों में घने से बहुत घने कोहरे और शीत लहर की चेतावनी जारी की है। इस दौरान सड़क, रेल और हवाई यातायात पर असर पड़ने की आशंका जताई गई है।

उत्तर भारत में मौसम का मिजाज

IMD के अनुसार, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और उत्तराखंड में सुबह और भोर के समय दृश्यता बेहद कम रह सकती है। वहीं, 18 और 19 दिसंबर को पश्चिमी मध्य प्रदेश और उत्तराखंड में शीत लहर चलने की प्रबल संभावना है। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 18 से 23 दिसंबर के बीच बारिश और बर्फबारी के आसार बने हुए हैं। पंजाब में भी 20 और 21 दिसंबर को हल्की बारिश हो सकती है।

दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली और आसपास के इलाकों में 17 से 20 दिसंबर के बीच हल्का से मध्यम कोहरा छाया रह सकता है। अधिकतम तापमान 22 से 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। सुबह के समय कम दृश्यता के कारण यातायात प्रभावित हो सकता है। इसके साथ ही, आने वाले दिनों में हवाओं की रफ्तार कमजोर पड़ने से दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) फिर 400 के पार जा सकता है। हालांकि बीते दो दिनों में तेज हवाओं की वजह से प्रदूषण में थोड़ी कमी दर्ज की गई है, लेकिन हवा अब भी खराब स्तर पर बनी हुई है।

Read More: IPL 2026 Sold Unsold List: सोल्ड-अनसोल्ड खिलाड़ियों की लिस्ट, IPL 2026 में सबसे बड़ी चौंकाने वाली बातें

उत्तर प्रदेश का हाल

उत्तर प्रदेश में घने कोहरे के साथ कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक18 दिसंबर को प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन कई इलाकों में घना से अत्यंत घना कोहरा छाने का अलर्ट जारी किया गया है। कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में शीत दिवस को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तराखंड में ठंड और कोहरा

उत्तराखंड के ऊपरी इलाकों में भीषण ठंड पड़ रही है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार फिलहाल मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन हरिद्वार और उधम सिंह नगर में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। पर्वतीय क्षेत्रों में शनिवार को बारिश और बर्फबारी की संभावना है।

बिहार में ‘डबल अटैक’

बिहार में ठंड का असर और भी तेज हो गया है। IMD के ताजा बुलेटिन के अनुसार, राज्य में एक तरफ शीत लहर और घना कोहरा है, तो दूसरी तरफ पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश की आशंका भी बनी हुई है। हिमालयी क्षेत्रों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते मैदानी इलाकों में बर्फीली हवाएं चल रही हैं, जिससे न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है।

झारखंड का मौसम

झारखंड में उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले पांच दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। राजधानी रांची में गुरुवार की सुबह मध्यम दर्जे का कोहरा छा सकता है, इसके बाद मौसम साफ रहेगा। न्यूनतम तापमान करीब 8 डिग्री और अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

We’re now on WhatsApp. Click to join.

अगर आपके पास भी हैं कुछ नई स्टोरीज या विचार, तो आप हमें इस ई-मेल पर भेज सकते हैं info@oneworldnews.com

Back to top button