पर्यटन

Madhya Pradesh Tourist Place: गर्मियों में घूमने की कर रहे हैं प्लानिंग, तो आपकी यात्रा को यादगार बना देंगी मध्य प्रदेश की ये जगहें, एक बार जरूर करें एक्सप्लोर

Madhya Pradesh Tourist Place: मध्य प्रदेश की पर्वत श्रृंखलाएं और नदियां अद्भुत-अविश्सनीय हैं। विंध्य और सतपुड़ा की पर्वत श्रृंखलाएं इस राज्य को और भी शानदार और रमणीय बनाती हैं।

Madhya Pradesh Tourist Place: मध्य प्रदेश में घूमने के लिए खास है ये जगहें


मध्य प्रदेश को देश का दिल कहा जाता है। और यहां घूमने के लिए एक से बढ़कर एक अच्छी जगह हैं। आप भी इन्हीं जगहों पर घूमने के लिए जा सकते हैं, जो आपकी गर्मी की छुट्टियों को मजेदार बना देंगी। यहां के पर्वत, नदियां, जंगल और प्राकृतिक सौंदर्य सभी को अपनी ओर खींच लाता है। देश का दिल कहे जाने वाले इस प्रदेश को कुदरत ने वो सब कुछ दिया है जो किसी भी सैलानी को अपनी ओर आकर्षित कर सकता है। प्रदेश में आपको हर तरह के नजारे देखने को मिल जाएंगे। चाहे बात खजुराहो की हो या धरती से 3000 फीट नीचे बसे पातालकोट की। ये सभी जगहें आपका मन जीत लेंगी।

वैसे भी मध्य प्रदेश की पर्वत श्रृंखलाएं और नदियां अद्भुत-अविश्सनीय हैं। विंध्य और सतपुड़ा की पर्वत श्रृंखलाएं इस राज्य को और भी शानदार और रमणीय बनाती हैं। इन्हीं पर्वत श्रंखलाओं में नर्मदा, चंबल, बेतवा, ताप्ती, सोन और महानदी का उद्गम स्थल है। ये नदियां भारत के कई प्रदेशों को जोड़ती हैं। लोग इनकी पूजा करते हैं। इन नदियों के कारण ही मध्य प्रदेश खूबसूरत और पर्यावरण की दृष्टि से हरा-भरा प्रदेश बना हुआ है। आइए जानते हैं मध्य प्रदेश में घूमने लायक उन जगहों के बारे में जहां जाने के बाद आपको दोबारा लौट कर वापस आने का मन नहीं करेगा।

ये हैं मध्य प्रदेश की खूबसूरत जगहें

पंचमढ़ी

पचमढ़ी मध्‍यप्रदेश का सबसे खूबसूरत और मशहूर हिल स्‍टेशन है। इसे सतपुड़ा की रानी भी कहते हैं। सतपुड़ा रेंज के भीतर बसा ये अनोखा शहर झरने, हरे-भरे जंगलों और प्राचीन गुफाओं से भरा है। ट्रेकिंग के शौकीन लोग धूपगढ़ की ओर जाने वाले रास्‍तों पर चलकर ट्रेकिंग का मजा ले सकते हैं। इतनी ऊंचाई से आसपास का नजारा बेहद खूबसूरत दिखाई देता है। पचमढ़ी में जटाशंकर और बी-फॉल्‍स को एक्‍सप्‍लोर करना न भूलें। यहां हरे-भरे जंगलों में ऊंचाई से गिरती पानी की तेज धार पर्यटकों को मंत्रमुग्‍ध कर देती है।

तामिया

प्रकृति की गोद में बसा, तामिया मध्‍य प्रदेश का छिपा हुआ रत्न है। ये जगह उन लोगों के लिए स्‍वर्ग है, जो नेचर और एडवेंचर से प्‍यार करते हैं। 1,100 मीटर की ऊंचाई पर स्थित, यह अनोखा हिल स्टेशन शहरी जीवन की हलचल से दूर आपको शांति और सुकून देता है। यहां चट्टानों के किनारों पर ब्रिटिश काल के कुछ घर बने हुए हैं। यहां आकर आप सतपुड़ा रेंज के घने जंगलों के बीच ट्रेकिंग का मजा ले सकते हैं। यहां का तामिया वॉटरफॉल देखने लायक है। इस झरने को 100 मीटर की ऊंचाई से गिरता देख मन बेहद खुश हो जाता है। अगर आप मध्य प्रदेश में छुट्टियां मनाने की सोच रहे हैं, तो तामिया जाकर आप प्रकृति से जुड़ सकते हैं।

चंदेरी

मध्‍यप्रदेश के जिक्र में अक्‍सर लोग चंदेरी को भूल जाते हैं। लेकिन यह शहर अपने ऐतिहासिक मूहत्‍व के लिए जाना जाता है। 656 मीटर की ऊंची पहाड़ी पर बसा चंदेरी विरासत और प्राकृतिक सुंदरता का अनूठा मिश्रण है। इसके अलावा यह शहर चंदेरी की साड़ी और सूटों के लिए भी बहुत मशहूर है। आपको याद हो, तो बॉलीवुड एक्‍ट्रेस अनुष्‍का शर्मा और वरुण धवन की फिल्‍म सुई धागा की शूटिंग चंदेरी में ही हुई थी। यह शहर चंदेरी साड़ी और सूटों के लिए पूरे भारत में मशहूर है। यहां आने पर चंदेरी किला जरूर देखना चाहिए। इसके अलावा आप प्राचीन स्मारकों और महलों से घिरी घुमावदार गलियों में घूमकर शहर की समृद्ध सांस्कृतिक सुंदरता का आनंद ले सकते हैं।

भेड़ाघाट

नैसर्गिक सुंदरता से लबरेज जबलपुर का अगर जिक्र हो तो सबसे पहले भेड़ाघाट ही दिमाग में आता है। भेड़ाघाट में मौजूद संगमरमर की चट्टानें अन्य किसी भी पर्यटन स्थलों में सबसे ज्यादा घूमी जाने वाली जगहों में से एक हैं। यहां संगमरमर की चट्टाने नर्मदा नदी के दोनों तरफ करीब 100 फीट ऊंची हैं। जो इसकी सुंदरता पर चार चांद लगाने का काम करती हैं। भेड़ाघाट का शांत और निर्मल जल सबका मन मोह लेता है। जब सूरज की रोशनी संगमरमर की चट्टानों पर पड़ती है, तो नदी में बनने वाला इसका प्रतिबिंब अद्वतीय होता है।

हनुवंतिया टापू

मध्य प्रदेश के इस पर्यटन स्थल को मिनी गोवा के नाम से जाना जाता है। आपको बता दें कि ये हनुवंतिया टापू खंडवा जिले में स्थित है। हनुवंतिया टापू सिर्फ खूबसूरती के लिए ही नहीं बल्कि अन्य कई चीजों के लिए भी फेमस है। सैलानी यहां फ्लोटिंग, बोटिंग के अलावा अन्य कई बेहतरीन वाटर स्पोर्ट्स एक्टिविटीज का लुत्फ उठा सकते हैं। अगर आप पक्षियों के प्रेमी हैं तो फिर हनुवंतिया टापू आपके लिए और भी खास है। क्योंकि यहां हजारों पक्षियों की प्रजातियों को आप करीब से देख सकते हैं। हनुवंतिया टापू में हर साल जल महोत्सव भी मनाया जाता है, इस दौरान यहां देशी और विदेशी पर्यटक घूमने आते हैं।

मांडू

मांडू मध्‍यप्रदेश का एक अन्‍य ऑफबीट डेस्टिनेशन है। हर साल हजारों लोग छुट्टियों में यहां आते हैं। विंध्य पर्वत श्रृंखला पर बसा मांडू छठी शताब्दी के वास्‍तुशिल्‍प से सजा है। मांडू का किला बीते युग की कहानियां सुनाता है। वहीं राजसी जहाज महल समुद्र के बीच तैरता हुआ लगता है और रूपमती का मंडप नर्मदा घाटी का मनोरम दृश्य पेश करता है। यहां आने पर सनसेट पॉइंट से आप सूर्यास्‍त का अद्भुत नजारा भी देख सकते हैं।

अमरकंटक

मैकाल पहाड़ियों की हरी-भरी हरियाली के बीच स्थित, अमरकंटक एक शांत हिल स्टेशन है। इसे मध्‍यप्रदेश का सबसे पवित्र तीर्थ स्थल भी माना जाता है। ऐसा माना जाता है कि यह पवित्र नदियों नर्मदा, सोन और जोहिला का सोर्स है, जिससे इसका आध्यात्मिक महत्व और भी बढ़ जाता है। यहां नर्मदा मंदिर और प्राचीन कपिलधारा झरना देखने लायक जगह है। बताया जाता है कि इन्हें ऋषि कपिला द्वारा पवित्र किया गया था। सेल्‍फ डिस्कवरी के शौकीन लोगों को एक बार यहां जरूर आना चाहिए।

एमपी में हैं कई धार्मिक स्थल

भारत के नक्शे पर अगर मध्य प्रदेश को देखें तो यह कई राज्यों से घिरा हुआ है। इसकी सीमाएं महाराष्ट्र, यूपी, राजस्थान, गुजरात, छत्तीसगढ़ से लगती हैं। इस प्रदेश में हिंदू धर्म के कई प्रसिद्ध धार्मिक स्थल भी है। जिसमें अमरकंटक, चित्रकूट, पचमढ़ी, भेड़ाघाट, ओंकारेश्वर, महेश्वर, महाकाल उज्जैन, खुजराहो, ओरछा, मैहर, पशुपतिनाथ प्रमुख हैं।

अगर आपके पास भी हैं कुछ नई स्टोरीज या विचार, तो आप हमें इस ई-मेल पर भेज सकते हैं info@oneworldnews.com

vrinda

मैं वृंदा श्रीवास्तव One World News में हिंदी कंटेंट राइटर के पद पर कार्य कर रही हूं। इससे पहले दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण और नवभारत टाइम्स न्यूज पेपर में काम कर चुकी हूं। मुझसे vrindaoneworldnews@gmail.com पर संपर्क किया जा सकता है।
Back to top button