Rahul Gandhi: आज बिहार दौरे पर पटना पहुंचे राहुल गांधी, पलायन रोको नौकरी दो यात्रा में हुए शामिल
बिहार के बेगूसराय में कांग्रेस सांसद एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एनएसयूआई के राष्ट्रीय प्रभारी कन्हैया कुमार की अगुवाई में निकाली जा रही 'पलायन रोको, नौकरी दो' यात्रा में हिस्सा लिया। इस अभियान के जरिए युवाओं के पलायन और बेरोजगारी के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जा रहा है।
Rahul Gandhi: बेगूसराय में कन्हैया कुमार की यात्रा में राहुल गांधी हुए शामिल…
Rahul Gandhi: बिहार दौरे पर राहुल गांधी का जोरदार स्वागत हुआ। बेगूसराय में उन्होंने ‘पलायन रोको-नौकरी दो’ पदयात्रा में हिस्सा लिया। कन्हैया कुमार भी उनके साथ थे। इस पदयात्रा में कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। उन्होंने सरकार के खिलाफ नारे लगाए। कुछ कार्यकर्ता तो घोड़े पर सवार होकर आए थे। कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा झंडा लेकर सरकार के खिलाफ अपनी आवाज उठाई। ये पदयात्रा लगभग दो किलोमीटर तक चली। इसके बाद राहुल गांधी पटना के लिए रवाना हो गए। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार से नौकरी की मांग की। उन्होंने कहा कि बिहार से लोगों का पलायन रोकना जरूरी है। राहुल गांधी का ये दौरा बिहार में कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने की कोशिश है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मिलकर उनका हौसला बढ़ाया।
कन्हैया कुमार की यात्रा में शामिल हुए राहुल गांधी
इस साल होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सभी पार्टियों की यात्राओं का एक दौर पूरा हो चुका है। कांग्रेस ऐसा कुछ नहीं कर पाई थी। कन्हैया कुमार कांग्रेस की यह कमी अपनी यात्रा से पूरी कर रहे हैं। कन्हैया ने 16 मार्च को महात्मा गांधी की कर्म स्थली चंपारण के भितिहरवा से पलायन रोको, नौकरी दो यात्रा की शुरुआत की थी। आज उनकी यात्रा बेगूसराय पहुंची है। इस मौके पर आयोजित जनसभा को संबोधित करने के लिए कन्हैया ने राहुल गांधी से आग्रह किया था। चूंकि पहले से पटना में 7 अप्रैल को राहुल गांधी का कार्यक्रम तय था, इसलिए उन्हें कन्हैया के आग्रह पर बेगूसराय जाने में कोई परेशानी नहीं थी।
बेगूसराय से लड़ चुके हैं चुनाव कन्हैया
कांग्रेस ज्वाइन करने के पहले कन्हैया सीपीआई का हिस्सा थे। सीपीआई के टिकट पर उन्होंने बेगूसराय से सांसदी का चुनाव भी 2019 में लड़ा, लेकिन भाजपा के गिरिराज सिंह के आगे वे टिक नहीं पाए। फिर उन्होंने कांग्रेस ज्वाइन कर लिया। वर्ष 2024 के हालिया लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने उत्तर पूर्वी दिल्ली से कन्हैया को उम्मीदवार बनाया, लेकिन यहां भी उन्हें कामयाबी नहीं मिली। जेएनयू छात्र संघ का अध्यक्ष रह चुके कन्हैया को कांग्रेस ने इस बार बिहार भेजा है। वे विधानसभा का चुनाव लड़ेंगे या नहीं, इस बारे में कांग्रेस ने अभी तक कुछ कहा तो नहीं है, लेकिन राहुल गांधी के बेगूसराय जाने से इतना तो संकेत मिलता ही है कि उनके लिए पार्टी वहां जमीन मजबूत करने में जुट गई है।
We’re now on WhatsApp. Click to join.
अगर आपके पास भी हैं कुछ नई स्टोरीज या विचार, तो आप हमें इस ई-मेल पर भेज सकते हैं info@oneworldnews.com