काम की बात

Wrestlers protest: जंतर- मंतर बना अखाड़ा, महिला पहलवान और फेडरेशन के बीच कुश्ती

Wrestlers protest: भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष पर लगाए महिला पहलवानों ने यौन शोषण के आरोप


Highlight

.  पहलवानों ने कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ खोला मोर्चा ।

. विनेश फोगाट ने कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष पर महिला पहलवानों के यौन शोषण का आरोप लगाया है।

. खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि मैं खिलाड़ियों से मिलूंगा उनसे बात करुंगा।

Wrestlers protest: दिल्ली के जंतर-मंतर से बुधवार को ऐसी तस्वीर सामने आई जिसने सभी को चौंका दिया। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बडे़-बड़े पहलवानों को पटखनी देने वाले करीब 30 रेसलर धरना देने के लिए जुटे हैं। प्रदर्शन कर रहे पहलवानों के आंखों में आंसू थे, चेहरे पर नाराजगी थी। इन रेसलर्स के पास महिला पहलवानों का यौन उत्पीड़न, अभद्रता, क्षेत्रवाद जैसे गंभीर आरोपों की लंबी लिस्ट थी। इन पहलवानों ने कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ मोर्चा खोला है।

बीते बुधवार विनेश फोगाट ने आरोप लगाया कि भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष और भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह कई वर्षों से महिला पहलवानों का यौन शोषण कर रहे हैं। प्रदर्शन कर रहे पहलवानों ने राष्ट्रीय महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर तानाशाही के आरोप लगाए हैं। भारत के कई दिग्गज पहलवान भारतीय कुश्ती संघ के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। दिल्ली के जंतर-मंतर में  विरोध प्रदर्शन कर रहे पहलवानों में टोक्यो ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता बजरंग पुनिया, साक्षी मलिक और विश्व चैम्पियनशिप पदक विजेता विनेश फोगट सहित देश के कई शीर्ष पहलवान शामिल हैं।

वहीं विनेश फोगाट ने यह भी दावा किया कि लखनऊ में राष्ट्रीय शिविर में कई कोच ने भी महिला पहलवानों का शोषण किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिविर में कुछ महिलाएं हैं जो डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष के कहने पर पहलवानों से संपर्क करती हैं।

जंतर-मंतर पर धरना दे रहे  पहलवानों ने अपनी मांगो को रखा। ओलंपिक पदक विजेता पहलवान साक्षी मलिक ने कहा “हम भारतीय कुश्ती महासंघ का विरोध कर रहे हैं। मौजूदा कुश्ती महासंघ को भंग किया जाए। वहीं नए महासंघ का गठन किया जाए। पहलवानों का कहना है कि कुश्ती महासंघ भ्रष्ट लोगों से भरा हुआ है। इसलिए इसे पूरी तरह खत्म करना जरूरी है।

अपने प्रदर्शन को लेकर पहलवान बजरंग पुनिया ने कहा “भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) पहलवानों को परेशान कर रहा है। जो लोग डब्ल्यूएफआई का हिस्सा हैं उन्हें खेल के बारे में कुछ नहीं पता है। पहलवान कुश्ती महासंघ में चल रही तानाशाही रवैये को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”

आपको बता दें खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि मैं खिलाडियों से मिलूंगा उनसे बात करुंगा। मैंने अपने सारे कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार ने इस मामले को काफी गंभीरता से लिया है। अनुराग ठाकुर ने यह भी कहा कि जो भी आरोप लगे हैं, उनकी जांच होनी चाहिए। यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाने के बाद खेल मंत्रालय ने बुधवार को भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) से अगले 72 घंटों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है। कुश्ती संघ के जवाब का इंतजार है।

वहीं अपने ऊपर लगे आरोपों पर कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने कहा, ‘क्या ऐसा कोई खिलाड़ी है जो आकर कह सकता है कि कुश्ती संघ ने उसे प्रताड़ित किया?  क्या उन्हें पिछले दस साल से फेडरेशन से कोई समस्या नहीं थी? ये सारी बातें तब हो रही हैं जबसे नए नियम लागू किए गए हैं। धरने पर बैठे पहलवानों ने ओलंपिक के बाद से किसी भी राष्ट्रीय टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लिया है। यौन शोषण की कोई घटना नहीं हुई है। अगर ऐसा कुछ हुआ है तो मैं फांसी लगा लूंगा।’

बृजभूषण शरण सिंह  कहा, ‘मैं विनेश फोगाट से पूछना चाहता हूं कि उन्होंने ओलंपिंक में हार के बाद कंपनी की लोगो वाली पोशाक क्यों नहीं पहनी थी?  उसके मैच हारने के बाद, मैंने केवल उसे प्रोत्साहित और प्रेरित किया था। यौन शोषण के बहुत बड़ा आरोप है। जब मुझे ही इसमें घसीटा गया है तो मैं कैसे कोई कार्रवाई कर सकता हूं?  मैं जांच के लिए तैयार हूं।’

बृजभूषण शरण सिंह पहले भी विवादों में घिर चुके हैं।  वहीं मंच पर एक खिलाड़ी को थप्पड़ मारने के बाद भी बृजभूषण सिंह चर्चा में आए थे। बृजभूषण शरण सिंह पर समाजवादी पार्टी के दिग्गज नेता और पूर्व मंत्री विनोद सिंह उर्फ पर जानलेवा हमले का भी आरोप लगा है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बृजभूषण शरण सिंह का अंडरवर्ल्ड कनेक्शन भी बताया गया है। तो वहीं ये टाडा एक्ट में जेल भी जा चुके हैं।

अगर आपके पास भी हैं कुछ नई स्टोरीज या विचार, तो आप हमें इस ई-मेल पर भेज सकते हैं info@oneworldnews.com

Back to top button