मनोरंजन

Miss Universe 2026: भारत की काजिया मेजो का टूटा ताज का सपना, टॉप-30 के बाद खत्म हुआ सफर

Miss Universe 2026, मिस यूनिवर्स 2026 का ग्रैंड फिनाले खत्म हो चुका है और दुनिया को अपनी नई मिस यूनिवर्स मिल गई हैं। इस बार प्यूर्टो रिको की 27 वर्षीय जेनिफर बैरेटो (Jennifer Barreto) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। प्रतियोगिता का 75वां संस्करण प्यूर्टो रिको की राजधानी सैन जुआन में आयोजित किया गया,

Miss Universe 2026 का रिजल्ट जारी, कौन बनीं पहली और दूसरी रनर-अप? भारत को मिली कौन-सी जगह?

Miss Universe 2026, मिस यूनिवर्स 2026 का ग्रैंड फिनाले खत्म हो चुका है और दुनिया को अपनी नई मिस यूनिवर्स मिल गई हैं। इस बार प्यूर्टो रिको की 27 वर्षीय जेनिफर बैरेटो (Jennifer Barreto) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। प्रतियोगिता का 75वां संस्करण प्यूर्टो रिको की राजधानी सैन जुआन में आयोजित किया गया, जहां 116 देशों और क्षेत्रों की सुंदरियों ने ताज के लिए मुकाबला किया। पिछली मिस यूनिवर्स फातिमा बॉश ने जेनिफर को ताज पहनाया। वहीं, भारत की प्रतिनिधि काजिया लिज मेजो (Kaziah Liz Mejo) टॉप-30 तक पहुंचने के बाद टॉप-12 में जगह नहीं बना सकीं। ऐसे में इस साल भारत का सफर सेमीफाइनल राउंड में ही समाप्त हो गया।

प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो के सिर सजा ताज

मिस यूनिवर्स 2026 का फिनाले 24 नवंबर को सैन जुआन स्थित जोस मिगुएल एग्रेलोट कोलिजियम में आयोजित हुआ। इस ऐतिहासिक 75वें संस्करण में जेनिफर बैरेटो ने बाकी प्रतियोगियों को पीछे छोड़ते हुए मिस यूनिवर्स का खिताब हासिल किया। उनकी जीत के साथ प्यूर्टो रिको को छठी बार यह प्रतिष्ठित ताज मिला है। जेनिफर से पहले इस क्षेत्र की मारिसोल मलारेट, डेबोरा कार्थी-ड्यू, दयानारा टोरेस, डेनिस क्विनोनेस और जुलेका रिवेरा मिस यूनिवर्स रह चुकी हैं।जेनिफर की जीत इसलिए भी खास रही क्योंकि इस बार प्रतियोगिता उनके अपने क्षेत्र प्यूर्टो रिको में आयोजित हुई थी। इससे पहले 2001 में भी प्यूर्टो रिको में आयोजित प्रतियोगिता में डेनिस क्विनोनेस ने खिताब जीता था। करीब 25 साल बाद एक बार फिर घरेलू मंच पर प्यूर्टो रिको की प्रतियोगी के सिर ताज सजा।

कौन बनीं पहली और दूसरी रनर-अप?

इस बार टॉप-5 में प्यूर्टो रिको के साथ डोमिनिकन रिपब्लिक, वेनेजुएला, फिलीपींस और न्यूजीलैंड की प्रतियोगियों ने जगह बनाई थी। अंतिम नतीजों में डोमिनिकन रिपब्लिक की मेलिसा नुनेज (Melissa Núñez) पहली रनर-अप रहीं। वेनेजुएला की क्लारा वेगास (Clara Vegas) को दूसरा रनर-अप स्थान मिला। फिलीपींस की बी मिलान-विंडोर्स्की (Bea Millan-Windorski) तीसरी रनर-अप और न्यूजीलैंड की जॉर्जिया वाडिंगटन (Georgia Waddington) चौथी रनर-अप रहीं।इस तरह पांचों फाइनलिस्ट ने प्रतियोगिता के अंतिम चरण तक अपनी जगह बनाए रखी, लेकिन ताज जेनिफर बैरेटो के नाम रहा।

भारत की काजिया लिज मेजो का सफर कहां थमा?

भारत की ओर से इस साल 19 वर्षीय काजिया लिज मेजो ने मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। उन्होंने शुरुआती दौर में अच्छा प्रदर्शन करते हुए टॉप-30 में जगह बनाई थी। हालांकि, टॉप-12 के लिए चुनी गई प्रतियोगियों की सूची में उनका नाम शामिल नहीं था। इसके साथ ही भारत की खिताब जीतने की उम्मीदें इस बार खत्म हो गईं।काजिया के लिए प्रतियोगिता में हिस्सा लेना अपने आप में खास अनुभव रहा। वह केरलम के मावेलिक्कारा से जुड़ी हैं और अबू धाबी में भी रह चुकी हैं। वह बेंगलुरु में कानून की पढ़ाई कर रही हैं। उन्हें मिस यूनिवर्स इंडिया का खिताब जीतने वाली केरलम की पहली महिला के तौर पर भी पहचान मिली थी। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय मंच पर वह टॉप-30 से आगे नहीं बढ़ सकीं।

टॉप-12 में इन देशों की प्रतियोगियों ने बनाई जगह

मिस यूनिवर्स 2026 में टॉप-30 से आगे बढ़कर 12 प्रतियोगियों ने सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। इनमें चिली की डोमिंगा लोपेज, डोमिनिकन रिपब्लिक की मेलिसा नुनेज, अमेरिका की जस्टस केली, न्यूजीलैंड की जॉर्जिया वाडिंगटन, क्यूबा की मिया डियो, प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो, कोलंबिया की मारिया अलेजांद्रा लोपेज, निकारागुआ की जैस्मिन ब्लैंडफोर्ड, वेनेजुएला की क्लारा वेगास, डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो की जेस्सी कलाम्बायी, फ्रांस की गरांस ओथिए और फिलीपींस की बी मिलान-विंडोर्स्की शामिल थीं।टॉप-12 से आगे केवल पांच प्रतियोगियों को फाइनल राउंड में पहुंचने का मौका मिला। चिली, अमेरिका, क्यूबा, कोलंबिया, निकारागुआ, डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो और फ्रांस की प्रतियोगियों का सफर इसी चरण में समाप्त हो गया।

टॉप-30 में पहुंचीं, लेकिन आगे नहीं बढ़ पाईं ये प्रतियोगी

इस साल टॉप-30 में भारत समेत कई देशों की प्रतियोगियों ने जगह बनाई थी। भारत की काजिया मेजो के अलावा ब्राजील की मार्सेला कोजिंस्की, नीदरलैंड की मेलिसा बोटेमा, तुर्क्स एंड कैकोस की सेलेना ग्रांट, पेरू की लुरेन मार्केज, सर्बिया की निकोलिना वुजिसिक, कुराकाओ की बियांटी रोएजर-गोम्पर्ट्स, इजरायल की डेनियल याब्लोंका, तंजानिया की क्वीनएलिजाबेथ माकुने, मेक्सिको की मारिया वर्गास, गिनी की जस्टिन कामारा, यूक्रेन की अन्ना निकोनोवा, पनामा की गैब्रिएला गोंजालेज, कोस्टा रिका की मारियाले अकोस्टा, युगांडा की मिचेल डाका, इथियोपिया की ब्रुक बेलेते और बेल्जियम की ओल्गा लोम्बार्डो भी टॉप-12 में जगह नहीं बना सकीं।इक्वाडोर की डालिया बुकाराम ने दर्शकों के वोट के जरिए टॉप-30 में जगह हासिल की थी, लेकिन वह भी अगले चरण तक नहीं पहुंच पाईं। इस तरह प्रतियोगिता में कई देशों की प्रतिनिधियों का सफर अलग-अलग राउंड में समाप्त हुआ।

जेनिफर बैरेटो कौन हैं?

मिस यूनिवर्स 2026 बनने वाली जेनिफर बैरेटो 27 साल की हैं। उनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि मनोविज्ञान और क्लिनिकल सोशल वर्क से जुड़ी है। उनके पास मनोविज्ञान में स्नातक की डिग्री और मनोविज्ञान तथा क्लिनिकल सोशल वर्क में मास्टर डिग्रियां हैं। वह अमेरिकी रक्षा विभाग से जुड़े क्षेत्र में प्रिवेंशन स्पेशलिस्ट के तौर पर काम कर चुकी हैं। उनके काम में परिवारों को घरेलू हिंसा और बच्चों के साथ दुर्व्यवहार जैसी परिस्थितियों से बचाने के लिए जागरूकता और रोकथाम से जुड़े प्रयास शामिल रहे हैं। वह प्यूर्टो रिको में बाल चिकित्सा डायबिटीज एसोसिएशन के साथ भी स्वयंसेवा करती रही हैं।

75वें संस्करण में पेश किया गया खास ताज

इस बार मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता के 75 साल पूरे होने के मौके पर एक नया ताज भी पेश किया गया। इसे 18 कैरेट सफेद सोने और 3,150 हीरों से तैयार किया गया है। प्रतियोगिता में 116 देशों और क्षेत्रों की सुंदरियों ने हिस्सा लिया। फिनाले में राष्ट्रीय परिधान, स्विमसूट, इवनिंग गाउन और सवाल-जवाब जैसे चरणों के जरिए प्रतियोगियों का मूल्यांकन किया गया।

We’re now on WhatsApp. Click to join.

अगर आपके पास भी हैं कुछ नई स्टोरीज या विचार, तो आप हमें इस ई-मेल पर भेज सकते  हैं info@oneworldnews.com.

Back to top button