भारत

Hindi News Today: जमुई में पीएम मोदी की चुनावी सभा आज, अप्रैल के शुरूआत में इन राज्यों में हीटवेव का अलर्ट, पढ़ें आज की अन्य बड़ी खबरें…

Hindi News Today: पीएम नरेंद्र मोदी आज एक दिन के बिहार दौरे पर आ रहे हैं। वे जमुई से चुनावी शंखनाद करेंगे। खैरा में पीएम मोदी जनसभा को संबोधित करेंगे। इस सभा से बिहार में NDA के चुनावी रैलियों की शुरुआत हो जाएगी।

Hindi News Today: ताइवान में भूकंप के बाद दो भारतीय लापता, एक हजार से अधिक घायल

पीएम नरेंद्र मोदी आज एक दिन के बिहार दौरे पर आ रहे हैं। वे जमुई से चुनावी शंखनाद करेंगे। खैरा में पीएम मोदी जनसभा को संबोधित करेंगे। इस सभा से बिहार में NDA के चुनावी रैलियों की शुरुआत हो जाएगी। जमुई से लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के बहनोई अरुण भारती NDA के प्रत्याशी हैं। प्रधानमंत्री गठबंधन के उम्मीदवार की जीत को सुनिश्चित करने की कोशिश करेंगे। यहां से प्रधानमंत्री के संबोधन का असर सिर्फ जमुई ही नहीं, बल्कि पड़ोसी संसदीय क्षेत्र नवादा, गया और मुंगेर पर भी पड़ेगा। एक साथ वो 4 लोकसभा क्षेत्र की जनता को साधेंगे। बता दें कि एक महीने में पीएम मोदी का यह तीसरा बिहार दौरा है। जबकि लोकसभा चुनाव की घोषणा के बाद उनका ये पहला बिहार दौरा है। इससे पहले 6 मार्च को पीएम मोदी बेतिया आए थे। यहां उन्होंने अपने 25 मिनट के भाषण में लालू यादव का नाम लिए बिना परिवारवाद और जंगलराज पर उनको घेरा। साथ ही I.N.D.I.A पर सवाल खड़े किए थे।

इसके अलावा पीएम मोदी ने 2 मार्च को औरंगाबाद और बेगूसराय में भी जनसभा की थी। इसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी शामिल हुए थे।भाजपा और लोजपा (रा) के नेताओं की माने तो जमुई से प्रधानमंत्री का चुनावी सभा की शुरुआत बेहद शुभ मानी जा रही है। 2019 में प्रधानमंत्री पहले गया गए थे, लेकिन उसी दिन जमुई भी आए थे। उस वक्त चिराग पासवान के पक्ष में उन्होंने चुनाव प्रचार किया था, लेकिन इस बार वे सीधे जमुई से ही चुनाव प्रचार शुरू कर रहे हैं। पीएम मोदी गुरुवार की सुबह 11:10 बजे विशेष विमान से सबसे पहले पड़ोसी राज्य झारखंड के देवघर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। देवघर एयरपोर्ट से हेलिकॉप्टर से उड़ान भरेंगे। 11:50 बजे जमुई के खैरा में बने सभा स्थल पहुंचेंगे। इसके बाद 11:55 बजे वो मंच पर होंगे। ठीक दोपहर 12 बजे चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। उनका संबोधन 45 मिनट का होगा। भाषण खत्म होने के 10 मिनट बाद 12:55 बजे वो मंच से हेलीपैड के लिए निकलेंगे। दोपहर 1 बजे वापस देवघर के लिए हेलीकॉप्टर से निकल जाएंगे। देवघर से 1:40 बजे विशेष विमान से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।

अप्रैल की शुरुआत में ही इन राज्यों में हीटवेव का अलर्ट

अप्रैल महीने की शुरुआत में गर्मी ने अपना ट्रेलर दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग द्वारा मिली जानकारी के अनुसार, अप्रैल में ही महाराष्ट्र, राजस्थान, गुजरात, कर्नाटक, ओडिशा और आंध्र प्रदेश में 20 दिन लू चलेगी। इन राज्यों के लोगों को अप्रैल माह में ही भयंकर गर्मी का सामना करना पडे़गा। यूपी में पछुआ हवा तेजी से बह रही है। इससे लोगों को तेज धूप और हवा दोनों से परेशानी हो रही है। वहीं, बुधवार यूपी में सुबह से धूप निकली रही। दिन चढ़ने के साथ तापमान भी बढ़ता चला गया। मंगलवार की अपेक्षा अधिकतम व न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। प्रदेश में प्रयागराज 40.7 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ सबसे अधिक गर्म रहा। प्रदेश में वाराणसी दूसरा गर्म शहर रहा। वहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

Read More:- More Heat in Summers: भारत में इस साल पड़ेगी बेइंतेहा गर्मी, खूब तपेगा नॉर्थ इंडिया, जानिए क्या है कारण

प्रदेश में आगरा तीसरा गर्म शहर रहा। यहां अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां पढ़ें पूरी खबर। दिल्ली में 4 अप्रैल को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। वहीं 5 अप्रैल को मौसम विभाग ने दिल्ली में हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। IMD के मुताबिक, इस पूरे हफ्ते दिल्ली का अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं, न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। यहां पढ़ें पूरी खबर।

विस्तारा के पायलट्स की शिकायत- बहुत ज्यादा थकान की वजह से हो रहे बीमार

विस्तारा एयरलाइंस का संकट जल्द ही खत्म हो सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस हफ्ते के अंत तक एयरलाइंस की उड़ानें भी सामान्य हो सकती हैं। विस्तारा एयरलाइंस ने ही इसके संकेत दिए हैं। विस्तारा एयरलाइंस पायलट्स की कमी से जूझ रही है और इसके चलते हाल के दिनों में बड़ी संख्या में विस्तारा एयरलाइंस की फ्लाइट्स या तो कैंसिल हुई हैं या फिर उनमें देरी हुई है। इसकी वजह से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा है। विस्तारा एयरलाइंस के पायलट्स ने थकान की शिकायत की थी और इसका सीधा असर सुरक्षा पर पड़ता है। पायलट्स का कहना है कि वह अधिकतम फ्लाइट ड्यूटी की सीमा तक पहुंच गए हैं और थकान की वजह से वे जल्दी जल्दी बीमार हो रहे हैं।

विस्तारा एयरलाइंस के कई पायलट बीमार बताए जा रहे हैं। वहीं कई एयर इंडिया के साथ विस्तारा के विलय के बाद लाए जाने वाले सैलरी स्ट्रक्चर से खुश नहीं हैं और इसका विरोध कर रहे हैं। पायलट्स का कहना है कि हर कोई उड़ान से थक गया है। सभी नए फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन नियमों से उम्मीद कर रहे थे कि वे कुछ राहत देंगे, लेकिन फिलहाल ऐसा होता नहीं दिख रहा है। पायलट्स ने इस बात की भी शिकायत की है कि एयरलाइंस पायलट्स से ज्यादा सॉफ्टवेयर पर विश्वास कर रही है। पायलट्स थकान की शिकायत कर रहे हैं और कंपनी बोइंग अलर्टनेस मॉडल पर विश्वास कर रही है।

We’re now on WhatsApp. Click to join

नौसेना का P8I एयरक्राफ्ट पहुंचा जापान, युद्धाभ्यास में लेगा हिस्सा

भारतीय नौसेना ने बताया कि उनका पी81 एयरक्राफ्ट, जापान मैरीटाइम सेल्फ डिफेंस फोर्स (जेएमएसडीएफ) के साथ द्विपक्षीय एंटी सबमरीन वॉरफेयर (एएसडब्ल्यू) और बातचीत के लिए जापान के अत्सुगी पहुंच गया है। पी81 जेएमएसडीएफ के साथ समुद्री परीक्षण में हिस्सा लेने के साथ एएसडडब्ल्यू के संचालन की योजना बनाएगा। भारतीय नौसेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, “भारतीय नौसेना पी81 एयरक्राफ्ट जेएमएसडीएफ के साथ युद्धाभ्यास और अन्य विषयों पर बातचीत के लिए अत्सुगी पहुंचा।” रक्षा मंत्रालय ने कहा कि भारत और जापान रक्षा और सुरक्षा साझेदारी द्विपक्षीय संबंधों का एक अभिन्न स्तंभ है।

ताइवान में भूकंप के बाद दो भारतीय लापता, एक हजार से अधिक घायल

ताइवान में 25 वर्षों में आए सबसे भीषण भूकंप में बुधवार को 9 लोगों की मौत हो गई और 1000 से ज्यादा घायल हो गए। दो भारतीयों के लापता होने की खबर है, जिनमें एक महिला भी है। भूकंप निगरानी एजेंसी ने कहा, भूकंप की तीव्रता 7.2 थी जबकि अमेरिकी सर्वेक्षण ने इसे 7.4 बताया। इसके चलते 70 लोग विभिन्न जगहों पर फंस गए। इसका केंद्र हुलिएन में जमीन से 35 किमी नीचे था। भूकंप के केंद्र के पास, हुलिएन के पहाड़ी क्षेत्र स्थित कम आबादी वाले पूर्वी काउंटी में सरकारी एजेंसी ने खतरनाक कोणों पर झुकी हुई इमारतों की कई तस्वीरें दिखाईं। इस दौरान 2.3 करोड़ की आबादी वाले देश में इमारतें झुक गईं, विद्यार्थियों को स्कूल से निकाल कर खेल के मैदान में ले जाया गया। झटकों के चलते भूस्खलन की 24 घटनाएं हुईं तथा 35 सड़कें, पुल और सुरंगे क्षतिग्रस्त हो गईं। पीएम नरेंद्र मोदी ने ताइवान में आए भूकंप से लोगों की मौत पर शोक जताया और कहा कि भारत दुख की इस घड़ी में ताइवान के लोगों के साथ खड़ा है। सोशल मीडिया में उन्होंने कहा, आज ताइवान में भूकंप के कारण हुए जानमाल के नुकसान से बहुत दुखी हूं।

अगर आपके पास भी हैं कुछ नई स्टोरीज या विचार, तो आप हमें इस ई-मेल पर भेज सकते हैं info@oneworldnews.com

vrinda

मैं वृंदा श्रीवास्तव One World News में हिंदी कंटेंट राइटर के पद पर कार्य कर रही हूं। इससे पहले दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण और नवभारत टाइम्स न्यूज पेपर में काम कर चुकी हूं। मुझसे vrindaoneworldnews@gmail.com पर संपर्क किया जा सकता है।
Back to top button