Weather Update: जानिए कैसा रहेगा आज दिल्ली NCR में मौसम का हाल, यूपी के कई जिलों में सुहाना हुआ मौसम
दिल्ली-एनसीआर में आंधी-तूफान और बारिश के बाद अधिकतम तापमान में काफी गिरावट हो गई है। राजधानी में अधिकतम तापमान लुढ़ककर 34.7 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है। यानी दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से 5.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।
Weather Update: उत्तराखंड में बारिश के साथ आंधी का अलर्ट, राजस्थान में भीषण गर्मी और लू
Weather Update: राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। कल कई जगह पर तेज आंधी बारिश ने तबाही मचाई और तापमान भी कम हो गया। आईएमडी का कहना है कि आज भी देश के कई राज्यों में आंधी बारिश देखने को मिलेगी। हालांकि उत्तर-पश्चिम भारत में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी रहेगा, वहीं दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश की संभावना है। वहीं मध्य भारत में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है। जानिए आज कहां कैसा मौसम रहेगा।
जानिए कैसा है दिल्ली में मौसम का हाल
दिल्ली-एनसीआर में आंधी-तूफान और बारिश के बाद अधिकतम तापमान में काफी गिरावट हो गई है। राजधानी में अधिकतम तापमान लुढ़ककर 34.7 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है। यानी दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से 5.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक आज दिल्ली में आंधी-तूफान के साथ बारिश का अनुमान है, जिसके बाद अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
यूपी के कई जिलों में सुहाना हो गया मौसम
उत्तर प्रदेश में मौसम बदल चुका है। प्रदेश के कई जिलों में बारिश होने से मौसम सुहाना हो गया है। लखनऊ, सीतापुर, लखीमपुर खीरी समेत कई जिलों में गर्मी में कमी आई है। मौसम विभाग की मानें तो अगले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 3 से 5℃ की कमी और न्यूनतम तापमान में 2-3℃ की बढ़ोतरी होने की संभावना है। प्रदेश में 28 मई तक बारिश और गरज चमक के साथ बौछारें पड़ सकती है। वहीं झांसी में सबसे ज्यादा 40.6℃ और सबसे कम गोरखपुर में 28.4℃ अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है। गोरखपुर में 19.6mm तक बारिश दर्ज की गई है।
राजस्थान में भीषण गर्मी और लू
राजस्थान में आज भीषण गर्मी और लू की स्थिति बनी रहेगी। पश्चिमी राजस्थान में लू का रेड अलर्ट जारी किया गया है, जहां अधिकतम तापमान 42-45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। धूल भरी आंधी चलने की संभावना है। पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों, जैसे उदयपुर और कोटा, में हल्की बारिश या गरज-चमक की संभावना है। जयपुर में तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम 30 डिग्री रहने का अनुमान है।
उत्तराखंड में बारिश के साथ आंधी का अलर्ट
उत्तराखंड के ज्यादातर क्षेत्रों में आज हल्की से मध्यम बारिश और आकाशीय बिजली चमकने के साथ अंधड़ चलने का अलर्ट जारी किया गया है। पिथौरागढ़ और नैनीताल में भारी बारिश अलर्ट है। उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में बादल मंडरा रहे हैं। ज्यादातर क्षेत्रों में बुधवार को हुई झमाझम बारिश के बाद मौसम सुहावना बना रहा है। पहाड़ों में बारिश होने से जहां गर्मी से राहत मिल रही है तो वहीं मैदानी क्षेत्रों में चटख धूप खिलने की वजह से तपिश बढ़ गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार नैनीताल और पिथौरागढ़ कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। उत्तरकाशी,चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर में आकाशीय बिजली चमकने, तीव्र बौछार पड़ने और अंधड़ चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मुंबई में बारिश का ऑरेंज अलर्ट
आईएमडी ने गुरुवार को मुंबई में बारिश के लिए 23 और 24 मई को ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसमें भारी से बहुत भारी बारिश, गरज के साथ बौछारें पड़ने और अलग-अलग स्थानों पर 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। आईएमडी ने इस मौसमी गतिविधि का कारण दक्षिण कोंकण और गोवा के तट से दूर पूर्व-मध्य अरब सागर पर एक कम दबाव प्रणाली का बनना बताया है। आईएमडी ने अनुमान जताया है कि इसके और तीव्र होने और कोंकण एवं महाराष्ट्र के अन्य भागों में तेज बारिश होने की आशंका है।
We’re now on WhatsApp. Click to join.
अगर आपके पास भी हैं कुछ नई स्टोरीज या विचार, तो आप हमें इस ई-मेल पर भेज सकते हैं info@oneworldnews.com