Weather Update: दिल्ली में अगले दो दिन बारिश के आसार, हिमाचल में बर्फबारी का दौर जारी
आईएमडी के अनुसार दिल्ली में 19 फरवरी की सुबह आसमान में बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना है। साथ ही देर रात को बूंदाबांदी होने के आसार हैं।

Weather Update: जानिए कैसा रहेगा एमपी में मौसम का हाल, उत्तराखंड में बर्फबारी के आसार
Weather Update: देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। दिल्ली में गर्मी बढ़ रही है, वहीं हिमाचल के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हो रही है। राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। उत्तराखंड में बर्फबारी के बाद ठंड बढ़ गई है। उत्तर प्रदेश में फिलहाल मौसम साफ है, लेकिन जल्द ही तापमान में गिरावट आ सकती है। कुल मिलाकर, मौसम में कई बदलाव हो रहे हैं, जिनका असर आम जनजीवन पर भी पड़ रहा है।
दिल्ली में दो दिन बारिश के आसार
आईएमडी के अनुसार दिल्ली में 19 फरवरी की सुबह आसमान में बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना है। साथ ही देर रात को बूंदाबांदी होने के आसार हैं। 20 फरवरी को भी सुबह के समय हल्की बारिश या बूंदाबांदी का पूर्वानुमान जताया गया है। दिन में 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। इस दौरान दिल्ली में अधिकतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 11 से 12 डिग्री के बीच दर्ज किया जा सकता है।
जानिए कैसा रहेगा एमपी में मौसम का हाल
मध्य प्रदेश में हवा के रुख में बदलाव के कारण मौसम में बदलाव दिख रहा है। दिन में गर्मी और रात-सुबह ठंडक का अहसास हो रहा है। तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है। अगले तीन-चार दिनों तक मौसम शुष्क रह सकता है। नए पश्चिमी विक्षोभ के आने के बाद ही तापमान में गिरावट आएगी। शनिवार को मंडला में न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस और पचमढ़ी में 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रतलाम में अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
हिमाचल में बर्फबारी का दौर जारी
हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में शनिवार को हल्की बर्फबारी हुई। शिमला में भी बर्फबारी हुई और ठंडी हवाएं चलीं। सिसु और जिस्पा में रुक-रुक कर बर्फबारी जारी है। पुलिस ने लोगों को अटल सुरंग और लाहौल घाटी की ओर यात्रा न करने की सलाह दी है। राष्ट्रीय राजमार्ग 5 पर बर्फ जमने से सड़क फिसलन भरी हो गई है। वाहनों को सैंज से लूहरी और सुन्नी के रास्ते भेजा जा रहा है। 18 और 21 फरवरी को भी कई इलाकों में हल्की बर्फबारी हो सकती है। 19 फरवरी को कुछ जगहों पर हल्की बारिश और 20 फरवरी को कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 4-5 डिग्री की गिरावट आ सकती है।
राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम
राजस्थान में शनिवार को तापमान में अचानक बढ़ोतरी हुई। जयपुर का न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। माउंट आबू का न्यूनतम तापमान 16.1 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस रहा। करौली, सीकर और लूणकरणसर में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम रहा।
;Read More: Weather Update: जानिए आज कैसे रहेगा दिल्ली का मौसम, राजस्थान में तापमान में बढ़ोतरी जारी
उत्तराखंड में बर्फबारी के आसार
उत्तराखंड में शनिवार से मौसम का मिजाज बदला और चारों धामों समेत कई इलाकों में बर्फबारी हुई। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में बारिश से ठंड बढ़ गई है। देहरादून का अधिकतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रहा। रविवार को भी सर्द हवाएं चलने से तापमान में गिरावट आ सकती है। मौसम के बदले पैटर्न और जलवायु परिवर्तन के कारण पिछले कुछ सालों से विंटर रेन में कमी आई है, जिसका असर ग्लेशियरों पर भी पड़ रहा है।
We’re now on WhatsApp. Click to join.
अगर आपके पास भी हैं कुछ नई स्टोरीज या विचार, तो आप हमें इस ई-मेल पर भेज सकते हैं info@oneworldnews.com