Weather Update: जानिए दिल्ली एनसीआर में कैसा रहेगा आज का मौसम? अप्रैल में तेजी से बढ़ेगा तापमान
गर्मी का सितम शुरू हो चुका है और अगले तीन महीने और मुश्किल होने वाले हैं। देशभर में अप्रैल से जून तक सामान्य से अधिक गर्मी पड़ेगी। इस दौरान मध्य और पूर्वी भारत के उत्तरपश्चिमी मैदानी इलाकों में लू के दिन भी अधिक झेलने होंगे।
Weather Update: राजस्थान के कई जिलों में गर्मी करेगी परेशान, पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश का अलर्ट जारी
Weather Update: देश में भीषण गर्मी के बीच मौसम बिगड़ेगा। तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है, लेकिन एमपी और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। अप्रैल के शुरुआती दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में पारा बढ़ सकता है। आइए जानते हैं कि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग का क्या है अलर्ट?
दिल्ली एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली एनसीआर में पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री की गिरावट और अधिकतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि दर्ज की गई है।राजधानी में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 31 से 34 डिग्री और 13 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच है। दिन में उत्तर-पश्चिम दिशा से 18 से 20 किमी प्रति घंटे की स्पीड से हवाएं चलीं। दिल्ली और आसपास के जिलों में 1-2 अप्रैल को मौसम साफ रहेगा. लेकिन 3 अप्रैल को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होगी, जो बढ़कर 36-38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा।
अप्रैल में तेजी से बढ़ेगा तापमान
स्काईमेट के अनुसार मार्च बसंत ऋतु का महीना है और अप्रैल और मई से प्री मॉनसून सीजन की शुरुआत होती है। अप्रैल में तापमान में तेजी से उछाल आ सकता है। मार्च की तुलना में अप्रैल का अधिकतम औसत तापमान 36.5 डिग्री तक रहता है। यानी सामान्य तौर पर भी अप्रैल का तापमान 7 डिग्री तक अधिक रहता है। औसत न्यूनतम तापमान भी 21.3 डिग्री रहता है। अगले 10 दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जिससे तापमान और बढ़ेगा। भरपूर धूप दिन के तापमान को अधिक बढ़ाएगी। हालांकि, समय-समय पर हवाएं तेज चलेंगी, जिससे भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। 4 और 5 अप्रैल को हवाएं मध्यम से तेज गति से चलेंगी। इसके बाद अगले हफ्ते 8 से 10 अप्रैल के बीच फिर से हवाएं तेज हो सकती हैं। इससे गर्मी से कुछ राहत मिलेगी, लेकिन कुल मिलाकर तापमान में बढ़ोतरी जारी रहेगी। अप्रैल की शुरुआत में ही गर्मी के तीव्र होने की संभावना है और जैसे-जैसे महीना आगे बढ़ेगा, तापमान और चढ़ सकता है।
राजस्थान के कई जिलों में गर्मी करेगी परेशान
राजस्थान में आज गर्मी अपने चरम पर है। जयपुर में अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। बीकानेर और जोधपुर जैसे पश्चिमी इलाकों में पारा 40 डिग्री को छू सकता है। मौसम विभाग ने लू (हीटवेव) की चेतावनी जारी की है और लोगों से दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। आसमान साफ रहेगा, और हवा में नमी की मात्रा बेहद कम होगी।
इन राज्यों में पड़ेगी भीषण गर्मी
मौसम विभाग ने हीट वेव और लू को लेकर अलर्ट जारी किया। गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ में 1 अप्रैल को लू चलने की संभावना है। असम के अलग-अलग इलाकों में हीट वेव की स्थिति रहेगी। त्रिपुरा में 1 से 3 अप्रैल तक और गुजरात में 1 से 4 अप्रैल तक गर्म हवाएं चलेंगी और भीषण गर्मी पड़ेगी।
पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश का अलर्ट
आईएमडी ने बताया कि पूर्वोत्तर में असम और उससे सटे अरुणाचल प्रदेश पर दूसरा चक्रवाती परिसंचरण स्थित है, जिससे दक्षिणी असम, पूर्वोत्तर असम, अरुणाचल प्रदेश और त्रिपुरा में 40-50 किमी प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने के आसार हैं। साथ ही गरज-बिजली के साथ बरसात भी हो सकती है।
We’re now on WhatsApp. Click to join.
अगर आपके पास भी हैं कुछ नई स्टोरीज या विचार, तो आप हमें इस ई-मेल पर भेज सकते हैं info@oneworldnews.com