भारत

Weather Update: दिल्ली-यूपी में आसमान से बरस रही आग, अभी गर्मी से राहत के आसार नहीं, जानें बारिश को लेकर क्या कह रहा मौसम विभाग

Weather Update: भारत के इन राज्यों में अभी गर्मी से राहत के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग ने कई जगहों पर हीट वेव और लू चलने की चेतावनी जारी की है।

Weather Update: भारत में इन जगहों पर हो सकती है बारिश, गुजरात पहुंचा मानसून


देश में मौसम का मिजाज बदल रहा है। कई इलाकों में बारिश हो रही है तो उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ रही है। दिल्ली से लेकर बिहार झारखंड तक आसमान से ‘आग’ बरस रहा है। उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में गर्मी का पारा 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर ही रह रहा है। मंगलवार को दिल्ली के नरेला और उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में अधिकतम तापमान 47 डिग्री से ज्यादा दर्ज किया गया। वहीं भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, दिल्ली में फिलहाल भीषण गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। मंगलवार को राष्ट्रीय  राजधानी में तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा दर्ज  किया गया। जो इस मौसम के सामान्य औसत तापमान से चार डिग्री अधिक है। आइए विस्तार से जानते हैं कि आज का मौसम कैसा रहेगा-

भारतीय मौसम विभाग ने बताया है कि अभी तत्काल इस भीषण गर्मी से राहत के आसार नहीं है। मौसम विभाग (IMD) की मानें तो अगले 5 दिन यानि सोमवार तक लू का दौर जारी रहने की आशंका है। इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, झारखंड और ओडिशा के कुछ हिस्सों में लू चलने की संभावना है। जिससे लोगों को अभी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी।

आज ऐसा रहेगा दिल्ली का मौसम

दिल्ली की बात करें तो पिछले तीन दिनों से लगातार लू चल रही है। मौसम विभाग की मानें तो अभी सप्ताह भर भीषण गर्मी और लू से राहत नहीं मिलने वाली। इसीलिए मौसम विभाग ने बुधवार के लिए ऑरेंज और बृहस्पतिवार से सोमवार तक के लिए यलो अलर्ट भी जारी किया है। साथ ही दिल्ली वासियों को सावधान रहने की सलाह दी है।मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बुधवार को भी गर्म हवा चलेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 45 डिग्री तो न्यूनतम 29 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है। ज्यादातर जगहों पर लू चलेगी। कुछ स्थानों पर भीषण लू का प्रकोप रहने की संभावना है। वहीं, शाम के समय कुछ इलाकों में धूल भरी हवाएं चलेंगी।

यूपी में भीषण गर्मी से हालत खराब

दिल्ली एनसीआर के साथ-साथ यूपी में भी भीषण गर्मी पड़ रही है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान 45 डिग्री से लेकर 47 डिग्री के बीच दर्ज किया जा रहा है जो इस मौसम में सामान्य तापमान  से 4 डिग्री अधिक है। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में सबसे अधिक 47.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा  वाराणसी में अधिकतम तापमान 45.3 डिग्री, बागपत और फुरसतगंज में 45.2 डिग्री सेल्सियस, फतेहपुर में 45 डिग्री दर्ज किया गया। लखनऊ का भी गर्मी से बुरा हाल है। यहां अधिकतम तापमान 44.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राजस्थान में भी भीषण गर्मी

आपको बता दें कि भीषण गर्मी से राजस्थान भी तप रहा है। कई जगहों पर अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस का इजाफा हो गया है। मंगलवार को राजस्थान के चूरू में 45.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा। वहीं, श्रीगंगानगर में 45 डिग्री से ज्यादा तापमान दर्ज किया गया। फतेहपुर और बीकानेर में 44.8 डिग्री, पिलानी में 44.7 डिग्री, संगरिया में 44.3 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि मौसम विभाग ने कहा है कि आने वाले दिनों में राजस्थान के कई इलाकों में बिजली चमकने के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।

झारखंड में जारी रहेगा गर्मी का कहर

गौरतलब हो कि पूरे झारखंड में भीषण गर्मी पड़ रही है। कई जिलों में हीट वेव का कहर दिख रहा है। वहीं, मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल गर्मी से राहत नहीं मिलने वाला है। 12, 13 और 14 जून के लिए हीट वेव को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि इस दौरान कुछ जिलों में गरज के साथ बारिश के भी आसार हैं। तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

इन इलाकों में आज हो सकती है बारिश

अगले 24 घंटों के दौरान दक्षिण कोंकण गोवा, दक्षिण मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, तेलंगाना, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और तटीय कर्नाटक और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। केरल, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप, सिक्किम और पश्चिमी असम के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश संभव है। विदर्भ, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, दक्षिणी छत्तीसगढ़ और दक्षिणी गुजरात में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। मध्य प्रदेश, दक्षिणी गुजरात और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में हल्की बारिश हो सकती है।

चार दिन पहले गुजरात पहुंचा मानसून

बारिश को लेकर राहत की बात है कि धीरे-धीरे  देश के कई हिस्सों में मानसून की दस्तक हो रही है। इसी कड़ी में दक्षिण पश्चिम मानसून मंगलवार को तय समय से चार दिन पहले ही गुजरात में दस्तक दे दी है। IMD के मुताबिक, गुजरात में मानसून आम तौर पर 15 जून तक पहुंचता है, लेकिन इस बार समय से चार दिन पहले की मानसून ने गुजरात में दस्तक दे दी है। अगले दो दिनों में सभी जिलों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

अगर आपके पास भी हैं कुछ नई स्टोरीज या विचार, तो आप हमें इस ई-मेल पर भेज सकते हैं info@oneworldnews.com

vrinda

मैं वृंदा श्रीवास्तव One World News में हिंदी कंटेंट राइटर के पद पर कार्य कर रही हूं। इससे पहले दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण और नवभारत टाइम्स न्यूज पेपर में काम कर चुकी हूं। मुझसे vrindaoneworldnews@gmail.com पर संपर्क किया जा सकता है।
Back to top button