भारत

Hindi News Today: नेपाल की मार्स्यांग्डी नदी में गिरी यूपी की बस, 27 भारतीयों की मौत, असम में गैंगरेप के मुख्य आरोपी ने नदी में कूदकर दी जान, पढ़ें आज की अन्य बड़ी खबरें…

Hindi News Today: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर की एक बस शुक्रवार (23 अगस्त) को नेपाल की मार्स्यांग्डी नदी में गिर गई। हादसे में 27 यात्रियों की मौत हो गई है। 10 घायल हैं। बस में 40 से ज्यादा यात्री सवार थे।

Hindi News Today: शिखर धवन ने क्रिकेट से लिया संन्यास, कांग्रेस नेता भोला पांडेय का निधन

नेपाल बस हादसे में 27 की मौत, 10 घायल Hindi News Today

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर की एक बस शुक्रवार (23 अगस्त) को नेपाल की मार्स्यांग्डी नदी में गिर गई। हादसे में 27 यात्रियों की मौत हो गई है। 10 घायल हैं। बस में 40 से ज्यादा यात्री सवार थे। बस नेपाल के पोखरा से काठमांडू जा रही थी। तभी तनहुन जिले के आइना पहाड़ा में सुबह 11.30 बजे हाईवे से लगभग 500 फीट नीचे नदी में गिर गई। बस में सवार यात्री महाराष्ट्र में भुसावल के रहने वाले थे। सभी नेपाल घूमने गए थे। गोरखपुर डीएम कृष्णा करुणेश ने बताया कि हादसे का शिकार हुई बस गोरखपुर के केसरवानी टूर एंड ट्रेवल्स एजेंसी की है। बस का नंबर UP-53 FT 7623 है। यह गोरखपुर के धर्मशाला बाजार इलाके में रहने वाले सौरभ केसरवानी की पत्नी शालिनी केसरवानी के नाम पर रजिस्टर्ड है। महाराष्ट्र से करीब 4 महीने पहले केसरवानी ट्रेवल्स की 3 बसों की नेपाल जाने के लिए बुकिंग हुई थी। तीनों बसें 20 अगस्त को नेपाल पहुंचीं। 10 दिन इन्हें नेपाल में घूमना था।

शिखर धवन ने क्रिकेट से लिया संन्यास Hindi News Today

भारतीय टीम के लिए लंबे समय तक खेले बाएं हाथ के बल्लेबाज शिखर धवन ने शनिवार को क्रिकेट से संन्यास ले लिया। शिखर धवन ने सुबह अपने सोशल मीडिया हैंडल्स पर एक वीडियो पोस्ट कर इस बात की जानकारी दी और बताया कि वह इंटरनेशनल, डॉमेस्टिक क्रिकेट से संन्यास ले रहे हैं। शिखर धवन ने टीम इंडिया के लिए अपना आखिरी मैच 10 दिसंबर 2022 को बांग्लादेश के खिलाफ खेला था। इसके बाद वह दोबारा टीम में नजर नहीं आए। शिखर धवन ने पोस्ट करते हुए लिखा, “मैं अपने क्रिकेट के सफर का अध्याय खत्म कर रहा हूं। मैं अपने साथ कई सारी यादें ले जा रहा हूं। आपके प्यार और सपोर्ट के लिए शुक्रिया।”

Read More:- Hindi News Today: अरविंद केजरीवाल की जमानत याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई आज, उत्तराखंड में भारी बारिश का सिलसिला जारी, पढ़ें आज की अन्य बड़ी खबरें…

कांग्रेस नेता भोला पांडेय का निधन, इंदिरा गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में किया था प्लेन हाईजैक Hindi News Today

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और द्वाबा विधानसभा क्षेत्र (अब बैरिया) से दो बार विधायक रहे डॉ. भोला पांडेय का शुक्रवार को लखनऊ स्थित आवास पर निधन हो गया। भोला पांडेय ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में प्लेन हाईजैक कर लिया था। मामले में उनकी गिरफ्तारी भी हुई थी। इस घटना ने भोला को देश-दुनिया में चर्चित कर दिया था। कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष अवध बिहारी चौबे ने बताया कि जनता पार्टी की सरकार के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में 1978 में भोला पांडेय सहित एक अन्य व्यक्ति ने पालम हवाई अड्डे से इंडियन एयरलाइंस का विमान हाईजैक कर लिया था। दरअसल, भोला पांडेय ने अपने हाथ में क्रिकेट की गेंद ली थी। इंडियन एयरलाइंस के विमान में सवार होने के बाद उन्होंने कहा था कि यह बम है।

असम में गैंगरेप के मुख्य आरोपी ने नदी में कूदकर दी जान Hindi News Today

अमस गैंगरेप के मुख्य आरोपी तफजुल इस्लाम की तालाब में डूबने से मौत हो गई है। पुलिस आरोपी तफजुल को सुबह करीब चार बजे क्राइम सीन पर लेकर जा रही थी। उसी दौरान आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए तालाब में छलांग लगा दी, लेकिन डूबने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को गिरफ्तार किए गए आरोपी तफजुल इस्लाम को सुबह करीब चार बजे अपराध स्थल पर ले जाया गया था। इस दौरान आरोपी ने पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की और तालाब में कूद गया। पुलिस ने तुरंत तलाशी अभियान शुरू किया, लेकिन करीब दो घंटे की तलाश के बाद उसका शव बरामद किया गया।

We’re now on WhatsApp. Click to join.

पहाड़ों पर बारिश बनी आफत, कई की मौत Hindi News Today

पहाड़ से लेकर मैदान तक इन दिनों भारी बारिश हो रही है। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग, चमोली और टिहरी में भारी बारिश ने तबाही मचा दी। रुद्रप्रयाग जिले की केदारघाटी के फाटा के समीप गदेरे में भूस्खलन से मलबे में दबकर नेपाली मूल के चार मजदूरों की मौत हो गई। वहीं, हरिद्वार जिले में एक व्यक्ति उफनती गंगा नदी में नहाते समय बह गया। उधर, त्रिपुरा में बाढ़ की स्थिति विकराल बनी हुई है। पूर्वोत्तर राज्य में बाढ़-बारिश की वजह से अब तक 23 लोग जान गंवा चुके हैं। वहीं, 17 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। इस बीच, केंद्र की तरफ से बाढ़ राहत के लिए 40 करोड़ रुपये की मदद देने को मंजूरी दी गई है। इस बीच मौसम विभाग ने देश के कई राज्यों के लिए बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।

समुद्र में बढ़ेगी भारत की ताकत Hindi News Today

समुद्र में भारत की ताकत और बढ़ने वाली है क्योंकि अमेरिका ने भारत को पनडुब्बी रोधी युद्धक सोनोब्वाय और संबंधित उपकरणों की संभावित विदेशी सैन्य बिक्री को मंजूरी दे दी है। इस करार की अनुमानित लागत 52.8 मिलियन डॉलर होगी, जिसे अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने मंजूरी दे दी। अमेरिकी रक्षा सुरक्षा सहयोग एजेंसी ने एक प्रेस रिलीज में कहा कि आज कांग्रेस को इस संभावित बिक्री के बारे में सूचित कर दिया गया है। उल्लेखनीय है कि रक्षा सुरक्षा सहयोग एजेंसी अमेरिका के रक्षा विभाग के अंतर्गत एक एजेंसी है।

अगर आपके पास भी हैं कुछ नई स्टोरीज या विचार, तो आप हमें इस ई-मेल पर भेज सकते हैं info@oneworldnews.com

vrinda

मैं वृंदा श्रीवास्तव One World News में हिंदी कंटेंट राइटर के पद पर कार्य कर रही हूं। इससे पहले दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण और नवभारत टाइम्स न्यूज पेपर में काम कर चुकी हूं। मुझसे vrindaoneworldnews@gmail.com पर संपर्क किया जा सकता है।
Back to top button