Hindi News Today: चीन पर बढ़ी निगरानी, UNSC फेक न्यूज का सच, हरियाणा वोटर ID विवाद और राहुल गांधी की अपील
भारत ने अंतरिक्ष सुरक्षा पर सख्ती बढ़ा दी है और चीनी सैटेलाइट्स पर नियंत्रण कड़ा किया है। इसी बीच भारत ने पाकिस्तान को आंतरिक मामलों में दखल न देने की चेतावनी दी है।
Hindi News Today: भारत ने अंतरिक्ष सुरक्षा पर कसी लगाम, चीन की सैटेलाइट सेवाओं पर बढ़ी सख्ती
Hindi News Today: भारत ने राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चीन की सैटेलाइट सेवाओं पर कड़ी रोक लगाने की दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं। वहीं UNSC स्थायी सदस्यता को लेकर फैली गुमराह करने वाली खबरों का सच भी सामने आ गया है। हरियाणा वोट चोरी विवाद में ब्राजीलियाई मॉडल की सफाई के बाद नया ट्विस्ट देखने को मिला, जबकि बिहार चुनाव से पहले राहुल गांधी ने युवाओं से लोकतंत्र की रक्षा हेतु बढ़-चढ़कर वोट करने की अपील की है। कतर में आयोजित वैश्विक सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने पाकिस्तान को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि भारत के आंतरिक मामलों पर टिप्पणी का उसे कोई अधिकार नहीं।
भारत ने अंतरिक्ष सुरक्षा पर कसी लगाम
देश की सुरक्षा के लिए मौजूदा वैश्विक माहौल में अंतरिक्ष एक अहम रणनीतिक सेक्टर बन चुका है। इसी को देखते हुए भारत ने विदेशी सैटेलाइट के उपयोग से जुड़े नियम और कड़े कर दिए हैं। खासकर चीन से जुड़ी सैटेलाइट को लेकर सरकार अब किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहती। जियोपॉलिटिकल तनाव और चीन की नीतियों को ध्यान में रखते हुए केंद्र ने घरेलू ब्रॉडकास्टर्स और टेलीपोर्टर्स को चाइनीज सैटेलाइट के इस्तेमाल में रोक लगाना शुरू कर दी है। दशकों से देश में सेवाएं दे रही चीनी सैटेलाइट को भी आगे मंजूरी के लिए मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार की स्पष्ट मंशा है कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा खतरा पैदा होने से पहले ही उसे समाप्त कर दिया जाए।
भारत को नहीं मिली स्थायी सदस्यता
भारत लंबे समय से संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में सुधार और स्थायी सदस्यता की मांग कर रहा है। इसी बीच सोशल मीडिया पर कई दावा वायरल हो रहे हैं कि भारत को UNSC की स्थायी सदस्यता और वीटो पॉवर मिल गई है। तथ्य यह है कि यह सभी वीडियो और पोस्ट पूरी तरह से फर्जी हैं, जिनमें एआई से बनाई गई ऑडियो-वीडियो शामिल हैं। इन दावों पर संयुक्त राष्ट्र की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वर्तमान में UNSC के केवल पांच स्थायी सदस्य अमेरिका, रूस, चीन, फ्रांस और ब्रिटेन वीटो पावर का उपयोग कर सकते हैं। भारत को कई देशों का समर्थन जरूर प्राप्त है, लेकिन UNSC सुधार की प्रक्रिया अभी लंबी है और इसमें वर्षों लग सकते हैं।
हरियाणा वोट चोरी विवाद में नया ट्विस्ट
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने हरियाणा में वोट चोरी का गंभीर आरोप लगाते हुए एक ब्राजीलियाई मॉडल की तस्वीर वाली वोटर आईडी का ज़िक्र किया था। दावा किया गया कि उस मॉडल के नाम पर विभिन्न बूथों पर 22 फर्जी वोट डाले गए। मामला सामने आने के बाद मॉडल ‘लारिसा’ ने वीडियो जारी कर आश्चर्य जताया और इसे मजाकिया अंदाज़ में पेश किया कि उनकी पुरानी तस्वीर भारत की वोटर लिस्ट में इस्तेमाल की गई। दूसरी ओर जिन महिलाओं की आईडी पर वह तस्वीर छपी थी, उन्होंने Rahul Gandhi के आरोपों को खारिज कर दिया। हरियाणा की पिंकी जुगिंदर कौशिक ने कहा कि वह स्वयं 2024 के चुनाव में वोट डालकर आई थीं। उनका कहना है कि फोटो की गलती चुनाव कार्यालय की है, जिसे सुधारने के लिए उन्होंने पहले ही आवेदन कर दिया था। पिंकी के परिवार ने आरोपों को “प्रोपेगेंडा” बताते हुए कहा कि कोई वोट चोरी नहीं हुई है।
बिहार चुनाव
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण की वोटिंग से ठीक पहले राहुल गांधी ने युवाओं और पहले बार वोट डालने वालों से लोकतंत्र की रक्षा के लिए बढ़-चढ़कर वोट डालने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में सत्ता पक्ष द्वारा चुनावी धांधली के प्रयास हुए तथा अब बिहार को सतर्क रहना होगा। राहुल गांधी ने मतदाताओं से लोकतंत्र को मजबूत करने की अपील करते हुए कहा कि “बिहार का भविष्य आपके हाथों में है, वोट चोरी की साजिश को वोट की ताकत से हराइए।”
मांडविया का पाकिस्तान पर कड़ा वार
केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने कतर के दोहा में विश्व सामाजिक विकास शिखर सम्मेलन में पाकिस्तान को कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान भारत के आंतरिक मामलों पर टिप्पणी करने का कोई अधिकार नहीं रखता, जबकि वही भारत के नागरिकों के खिलाफ आतंकवाद को बढ़ावा देता है। जम्मू-कश्मीर और सिंधु जल संधि पर पाकिस्तान की बयानबाज़ी को मांडविया ने अंतरराष्ट्रीय मंचों के दुरुपयोग की कोशिश बताया। मंत्री ने कहा कि भारत ने पिछले 10 वर्षों में बड़े सुधारों और डिजिटल नवाचार के जरिए 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला है और पाकिस्तान को भी विकास पर ध्यान देने की जरूरत है।
We’re now on WhatsApp. Click to join.
अगर आपके पास भी हैं कुछ नई स्टोरीज या विचार, तो आप हमें इस ई-मेल पर भेज सकते हैं info@oneworldnews.com







