धार्मिक

Main Gate Vastu Tips: घर का मेन गेट बनवाते समय बिल्कुल भी न करें ये गलती, माता लक्ष्मी हो जाएंगी रुष्ट, जानें कैसा हो मुख्य द्वार

Main Gate Vastu Tips: अगर आपके घर की आर्थिक स्थिति खराब हो रही है और पैसा व्यर्थ के कामों में व्यय हो रहा है तो घर के मुख्य द्वार पर यहां बताई गयी चीज़ों को नहीं रखना चाहिए।

Main Gate Vastu Tips: मेन गेट पर लगाएं गणेश जी की मूर्ति, उचित प्रकाश की हो व्यवस्था

आजकल लोग इस बात से परेशान रहते हैं कि उनके हाथों में पैसे नहीं टिकते। यही वजह है कि परिवार को आर्थिक परेशानियों के अलावा और कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में जब कोशिश करने के बाद भी पैसे अत्यधिक खर्च होने लगते हैं, तो इसके कई कारण हो सकते हैं। इनमें से एक वास्तु दोष भी हो सकता है। वास्तु के कुछ उपायों को करके आप समस्या का समाधान पा सकते हैं। वास्तु शास्त्र के अनुसार, घर का मुख्य द्वार बेहद अहम होता है। इसलिए लोग अपने घर के मुख्य द्वार पर शुभ चीजें लगाते हैं। कहा जाता है कि इन चीजों को लगाने से सकारात्मक ऊर्जा का प्रभाव बढ़ता है और फिजूल खर्ची भी कम होती है। साथ ही परिवार में सुख शांति बनी रहती है। वास्तु के अनुसार घर के मुख्य द्वार पर कुछ शुभ चीजों को रखने से परिवार में समृद्धि आती है और फिजूलखर्ची भी नहीं होती। आइए जानते हैं घर के मुख्य द्वार से जुड़े वास्तु के महत्वपूर्ण नियमों के बारे में-

इस दिशा में हो घर का मेन गेट

आपके घर का मुख्य द्वार उत्तर, उत्तर-पूर्व, पश्चिम या पूर्व दिशा में होना चाहिए। यदि आपके घर का मुख्य द्वार दक्षिण, दक्षिण-पश्चिम, दक्षिण-पूर्व, उत्तर-पश्चिम दिशा में लगा हुआ है तो वह कई प्रकार की समस्याएं पैदा कर सकता है। इसके लिए आपको वास्तु विशेषज्ञ की मदद लेकर उससे जुड़े उपाय करने चाहिए।

घर के बीच में न हो मेन गेट

आपके घर का मुख्य द्वार मकान के बीचोबीच नहीं होना चाहिए। साथ ही इस बात का ध्यान रहे कि वह घर के अन्य दरवाजों से बड़ा हो और उसकी सीध में कोई भी अन्य द्वार न हो। आपका मुख्य द्वार ऐसा नहीं है तो उसे ठीक करा सकते हैं।

मेन गेट अंदर की ओर खुले

मुख्य द्वार हमेशा ही घर के अंदर की ओर खुलना चाहिए। खुलते और बंद होते समय उसमें से कोई आवाज नहीं आनी चाहिए। ऐसा मुख्य द्वार घर की आर्थिक उन्नति में सहायक होता है।

उचित प्रकाश की व्यवस्था हो

मुख्य द्वार पर उचित प्रकाश की व्यवस्था होनी चाहिए। उसके बाहर नेम प्लेट होनी चाहिए और मुख्य द्वार को सजाकर रखें, उस पर तोरण लगाएं। इससे घर में सकारात्मकता आती है। परिवार के सदस्यों के बीच प्रेम बना रहता है।

मुख्य द्वार बाधा रहित हो

मुख्य द्वार के सामने कोई रुकावट न हो। लिफ्ट, सीढ़ी, खंभे, बिजली के पोल, पेड़ आदि नहीं होने चाहिए। मुख्य द्वार बाधा रहित हो। यदि ऐसा नहीं है तो घर की तरक्की नहीं हो पाती है। ये घर के अंदर नकारात्मकता फैलाते हैं।

हल्के रंगों से रंगा हो गेट

आपके घर का मुख्य द्वार हल्के रंगों से रंगा होना चाहिए। उस पर काले रंग के उपयोग से बचना चाहिए। उस पर आप ऊं, स्वास्तिक या कोई अन्य शुभ चिह्न बना सकते हैं। इस बात का ध्यान रहे कि मुख्य द्वार दो दरवाजे वाला हो। एक दरवाजे वाला मुख्य द्वार अशुभ माना जाता है।

साफ-सुथरा रखें मेन गेट

मुख्य द्वार को साफ-सुथरा रखें। वहां पर कोई गंदगी नहीं होनी चाहिए। कई बार लोग फूल, माला लगा देते हैं, वे सूख जाते हैं और वहीं लगे रहते हैं। ऐसा नहीं होना चाहिए। मुख्य द्वार के पास आप केले, तुलसी आदि के पौधे लगा सकते हैं।

Read More:- Vastu Tips: भूल से भी दूसरों से न शेयर करें अपनी ये चीजें, घर में आ सकती है दरिद्रता, जानें क्या कहता है वास्तु शास्त्र

मुख्य द्वार में एक दहलीज हो

मुख्य द्वार में एक दहलीज होनी चाहिए। जो इस बात को बताती है कि यहां से घर का आंतरिक हिस्सा प्रारंभ हो रहा है। दहलीज नकारात्मकता को दूर करके सकारात्मक ऊर्जा को घर में भेजती है।

टी-चौराहे के सामना न बना हो गेट

जब भी मेन गेट बनवा रहे हैं तो इस बात का जरूर ध्यान रखें कि वह टी-जंक्शन या टी-चौराहे के सामना न बना हो। क्योंकि वास्तु के अनुसार घर में अनिष्ट शक्तियों अधिक घुसने लगती है।

न पड़े छाया

घर के प्रवेश द्वार में किसी भी तरह की छाया नहीं पड़नी चाहिए। इसलिए खंभा, पेड़ या किसी अन्य चीजें मुख्य द्वार की ओर नहीं होना चाहिए।

दरवाजे पर लगाएं शुभ लाभ

वास्तु के अनुसार, नकारात्मक ऊर्जा से बचने के लिए घर के मुख्य दरवाजे के दोनों तरफ शुभ-लाभ लिखना चाहिए। ये बहुत शुभ माना जाता है।

मुख्य द्वार पर लगाएं गणेश जी की मूर्ति

हिंदू धर्म में गणेशजी को प्रथम पूज्य माना गया है। ऐसे में घर के मुख्य द्वार पर गणेश जी लगाएं, लेकिन एक बात का ध्यान रखें कि गणेश जी को इस तरह लगाएं कि उनकी पीठ बाहर की तरफ हो। अंदर की तरफ पीठ होने से घर में धन का अभाव होगा और दरिद्रता बढ़ेगी। वहीं अन्दर की तरफ मुख होने से बाधाओं का नाश होगा और हर कार्य में सफलता मिलेगी।

मां लक्ष्मी के पैर शुभ

वास्तु शास्त्र के मुताबिक मां लक्ष्मी के पैर की तस्वीर घर के मुख्य दरवाजे पर लगाने से धन-दौलत और समृद्धि घर पर आती है। घर के मुख्य द्वार पर देवी लक्ष्मी के पैर जरूर लगाएं।

स्वास्तिक बनाना शुभ

घर के मुख्य द्वार के दोनों तरफ लाल स्वास्तिक बनाना शुभ होता है। कहा जाता है कि स्वास्तिक लगाने से घर के वास्तु और दिशा दोष दूर होते हैं। वहीं मुख्य द्वार के ऊपर बीचों बीच नीला स्वास्तिक बनाएं। ऐसा करने से घर के लोगों का स्वास्थ्य अच्छा रहता है।

मंगल कलश

मुख्य द्वार पर जल से भरा कलश रखने से घर में संपन्नता आती है और फिजूल खर्ची पर नियंत्रण रहता है। इसके अलावा किसी भी प्रकार की नकारात्मक ऊर्जा घर में प्रवेश नहीं कर पाती है। एक बात ध्यान रखें कि मुख्य द्वार पर रखने वाले कलश का मुख चौड़ा और खुला होना चाहिए।

मेन गेट पर कभी न रखें ये चीजें

जूते चप्पल

ऐसा माना जाता है कि घर का मुख्य द्वार माता लक्ष्मी का प्रवेश द्वार होता है। इसलिए इस स्थान को साफ़ सुथरा रखना जरूरी है जिससे लक्ष्मी का घर में आगमन हो सके। घर के मुख्य द्वार पर भूलकर भी जूते चप्पल या जूतों की अलमारी नहीं रखनी चाहिए। ऐसा करने से लक्ष्मी जी का प्रवेश द्वार बंद हो जाता है और घर में आर्थिक हानि होने लगती है।

We’re now on WhatsApp. Click to join

मनी प्लांट

बहुत से लोग सजावट के लिए मनी प्लांट के पौधे को घर के बाहर यानी मुख्य द्वार पर रख देते हैं। ऐसा करना वास्तु के हिसाब से ठीक नहीं माना जाता है क्योंकि मनी प्लांट को धन का पौधा माना जाता है और इसे मुख्य द्वार पर रखने से सबकी नज़र इस पर पड़ती है। जिससे घर का धन व्यर्थ के कामों में नष्ट होने लगता है। इसके अलावा कई लोग मनी प्लांट की पत्तियों या डाल को तोड़कर अपने घर में लगा लेते हैं जिससे घर की आर्थिक स्थिति खराब होने लगती है। घर के मुख्य द्वार पर कंटीले पौधे भी नहीं लगाने चाहिए क्योंकि ऐसा माना जाता है कि घर के मुख्य द्वार पर कंटीले पौधे लगाने से घर में अशांति आती है और घर के लोगों के बीच आपसी सामंजस्य नहीं बन पाता है, जो लड़ाई झगड़े का कारण बनता है।

लक्ष्मी जी की मूर्ति

वास्तु के अनुसार ऐसी मान्यता है कि घर के मुख्य द्वार पर लक्ष्मी जी की किसी भी अवस्था में मूर्ति नहीं लगानी चाहिए। कहा जाता है कि यदि घर में लक्ष्मी जी की मूर्ति स्थापित होती है तो नियमित इसकी पूजा करनी चाहिए। लेकिन घर के बाहर की तरफ लगाने से इसकी नियमित पूजा नहीं होती है और धन भीतर आने की जगह घर से बाहर जाने लगता है। इसके अलावा ये भी मान्यता है कि लक्ष्मी जी का मुख बाहर की तरफ होता है जिससे धन घर से बाहर निकलने लगता है।

लाफिंग बुद्धा

घर में लाफिंग बुद्धा रखना फेंगशुई के हिसाब से अच्छा माना जाता है और इसे चीनी वास्तु शाश्त्र से जोड़ा जाता है। इसलिए कई लोग घर के प्रवेश द्वार पर लाफिंग बुद्धा की मूर्ति रखते हैं जिसका मुंह घर के बाहर की तरफ होता है। इस तरह का लाफिंग बुद्धा घर में धन लाने की जगह आर्थिक हानि का कारण बन सकता है। ऐसा माना जाता है कि लाफिंग बुद्धा का मुंह बाहर होने का मतलब है धन का घर से बाहर जाना। इसलिए यदि आप घर पर लाफिंग बुद्धा रखते हैं तो इसका मुंह हमेशा घर के अंदर की तरफ रखें और धन की पोटली लिए हुए बुद्धा को रखें।

कूड़ादान

अक्सर लोग घर का कूड़ादान घर के बाहर यानी कि मुख्य द्वार के पास रख देते हैं। चूंकि मुख्य द्वार लक्ष्मी का प्रवेश द्वार होता है इसलिए इस जगह पर कूड़ादान रखने से माता लक्ष्मी घर में प्रवेश नहीं करती हैं और आर्थिक हानि होने लगती है। इसके अलावा घर के भीतर आने और बाहर जाने वाले के सामने कूड़ादान नज़र आता है जो घर के सदस्यों की बुद्धि को भी प्रभावित करता है और कलह का कारण भी बनता है।

टूटा हुआ सामान

अक्सर लोग घर का टूटा फूटा सामान घर से बाहर निकालने के लिए इसे घर के मुख्य द्वार पर रख देते हैं। ऐसा करने से घर में आने जाने सभी लोगों की नज़र इस सामन पर पड़ती है और ये आर्थिक हानि का कारण बनता है। घर की आर्थिक स्थिति ठीक रखने के लिए कभी भी घर के प्रवेश द्वार पर टूटा हुआ सामान जैसे टूटा फूटा फर्नीचर, खराब इलेक्ट्रॉनिक का सामान या अन्य कोई टूटा सामान न रखें।

झाड़ू

पंडित प्रशांत जी बताते हैं कि झाड़ू लक्ष्मी जी का रूप होती है। इसलिए कभी भी झाड़ू को पैरों से नहीं छूना चाहिए। इसके अलावा झाड़ू को हमेशा घर की ऐसी जगह पर रखना चाहिए जिससे ये दूसरों की नज़र में न आ सके। घर के मुख्य द्वार पर झाड़ू भूलकर भी नहीं रखना चाहिए क्योंकि बाहरी लोगों पर भी इसकी नज़र पड़ती है और कई बार बुरी दृष्टि से घर की आर्थिक स्थिति खराब होने लगती है। घर के बाहर झाड़ू रखने से लक्ष्मी घर से बाहर चली जाती है।

अगर आपके पास भी हैं कुछ नई स्टोरीज या विचार, तो आप हमें इस ई-मेल पर भेज सकते हैं info@oneworldnews.com

vrinda

मैं वृंदा श्रीवास्तव One World News में हिंदी कंटेंट राइटर के पद पर कार्य कर रही हूं। इससे पहले दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण और नवभारत टाइम्स न्यूज पेपर में काम कर चुकी हूं। मुझसे vrindaoneworldnews@gmail.com पर संपर्क किया जा सकता है।
Back to top button