हॉट टॉपिक्स

KaamKiKhabar : देश और दुनिया की लेटेस्ट खबरें – 18th September

देश और दुनिया की लेटेस्ट खबरें


1. चांद पर ‘3 घंटे’ बाद हो जाएगी रात, अब विक्रम से संपर्क की उम्मीद खत्म!

भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी इसरो के वैज्ञानिक अब भी अपने दूसरे मून मिशन चंद्रयान-2 के विक्रम लैंडर से संपर्क साधने में लगे हैं।  हालांकि, इसरो ने ट्वीट कर लिखा है कि हमारे साथ खड़ा होने के लिए आप सभी का धन्यवाद। हम दुनिया भर में भारतीयों की आशाओं और सपनों से प्रेरित होकर आगे बढ़ते रहेंगे। यानी इस संदेश को लेकर लोग यह भी कह रहे हैं कि अब इसरो वैज्ञानिक अगले मिशन की तरफ बढ़ रहे हैं। लेकिन चंद्रयान-2 मिशन पर भी नजर रखेंगे। हालांकि, अब विक्रम लैंडर से संपर्क की उम्मीद खत्म हो चुकी है। क्योंकि चांद पर रात होने में करीब 3 घंटे ही बचे हैं।

2. इसरो ने डीआरडीओ से मिलाया हाथ, गगनयान मिशन के लिए मिलकर करेंगे साथ काम

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन और रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन ने ‘गगनयान’ परियोजना के लिए सहमति पत्र एमओयू पर हस्ताक्षर किए। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि डीआरडीओ द्वारा इसरो को मुहैया कराई जाने वाली कुछ महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों में अंतरिक्ष में भोजन संबंधी तकनीक, अंतरिक्ष जाने वाले दल की सेहत पर निगरानी, सर्वाइवल किट, विकिरण मापन और संरक्षण, पैराशूट आदि शामिल हैं।

3. अमेरिका के 44 सांसदों ने की डोनाल्ड ट्रंप से अपील- भारत का तरजीही व्यापार दर्जा वापस दें

अमेरिकी कांग्रेस के दोनों सदनों के 44 प्रभावशाली सांसदों ने डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन से अनुरोध किया है कि अमेरिका और भारत के बीच होने वाले संभावित व्यापार समझौते के हिस्से के रूप में अहम जनरलाइज़्ड सिस्टम प्रेफरेंस या GSP व्यापार कार्यक्रम के अंतर्गत भारत का लाभदायक विकासशील देश का दर्जा बहाल किया जाए।

4. खाद्य मंत्री राम विलास पासवान ने खरीदा 420 रुपये kg सेब, फल में मिला वैक्स

केंद्रीय खाद्य और उपभोक्ता मामलों के मंत्री राम विलास पासवान ने सलाद खाने की इच्छा जताई और अपने स्टाफ से रशियन सलाद की व्यवस्था करने को कहा।  मंत्री के आदेश के बाद स्टाफ रशियन सलाद बनाने के लिए जरूरी सामान और फल लाने के लिए बाजार चला गया। लाने के बाद स्टाफ ने बारीकी से फल धोना शुरू किया, लेकिन जब सेब को धोने की कोशिश की गई तो वह ठीक से धुल नहीं पा रहा था।  पानी से धोने पर सेब हाथ से फिसल रहा था।  इसके बाद स्टाफ ने सेब को चाकू से खुरचा तो उस पर वैक्स लगा हुआ मिला।

5. मोदी को तोहफे में मिला फोटो स्टैंड, चांदी का कलश एक-एक करोड़ में बिका

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मिले उपहारों की ई-नीलामी प्रक्रिया में चांदी का एक ‘कलश’ और मोदी की तस्वीर वाला एक फोटो स्टैंड एक-एक करोड़ रुपये में बिका। प्रधानमंत्री को प्राप्त स्मृति चिन्हों की नीलामी के लिए बनाई गई वेबसाइट में यह जानकारी दी गई है।

6. भारतीय जीवन बीमा निगम में 8500 असिस्टेंट पदों पर निकली भर्तियां, जल्दी करे आवेदन

भारतीय जीवन बीमा निगम में असिस्टेंट पदों के लिए बंपर भर्तियां निकली हैं। योग्य और इच्छुक उम्मीदवार जो लाइफ इंश्योरेंस कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया की सेवा में जाना चाहते हैं उनके लिए ये बेहतरीन मौका है. इच्छुक कैंडिडेट्स भारतीय जीवन बीमा निगम की ऑफिशियल वेबसाइट licindia.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

7. सिंधी हिंदू स्टूडेंट नम्रता चंदानी की हत्या के विरोध में कराची की सड़कों पर प्रदर्शन

पाकिस्तान में सिंधी हिंदू लड़की नम्रता चंदानी की हत्या का विरोध होना शुरू हो गया है। देर रात कराची की सड़कों पर हजारों प्रदर्शनकारियों ने हत्यारों को गिरफ्तार करने की मांग की। मेडिकल की छात्रा नम्रता की लाश उसके हॉस्टल में संदिग्ध परिस्थिति में मिली थी। उसके गले में रस्सी बंधी थी। नम्रता के भाई ने हत्या का आरोप लगाया था।

और पढ़ें: देश और दुनिया की लेटेस्ट खबरें

8. सफदरजंग अस्पताल से मरीजों का डाटा लीक, निजी अस्पताल से रोगियों को आए फोन

पहली बार किसी सरकारी अस्पताल से मरीजों का डाटा चोरी होने का खुलासा हुआ है। मामला सफदरजंग अस्पताल के स्पोर्ट्स इंजरी सेंटर का है। यहां खेल जगत की छोटी-बड़ी हस्तियों के अलावा अन्य मरीज भी उपचार कराने पहुंचते हैं। बताया जा रहा है कि एसआईसी में पंजीकृत मरीजों को एक निजी अस्पताल से फोन जा रहा है और अपने यहां इलाज कराने की सलाह दी जा रही है। इनमें से कितने मरीज निजी अस्पताल पहुंचे, इसकी कोई जानकारी सफदरजंग अस्पताल के पास नहीं है।

9. भारतीय इतिहास का पहला टी20 खेलने वाले बल्लेबाज दिनेश मोंगिया ने लिया संन्यास, वनडे में बनाया सिर्फ 1 शतक

भारतीय क्रिकेट टीम के मिलिड ऑर्डर बल्लेबाज दिनेश मोंगिया ने मंगलवार को क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास लेने की घोषणा कर दी। साल 2003 में विश्व कप तक पहुंची टीम का हिस्सा रहे दिनेश ने लगभग 18 साल तक क्रिकेट करियर को अलविदा कहना का फैसला लिया।

10. आंद्रे रसेल पिता बनने वाले हैं, पत्नी के साथ वीडियो शेयर कर कहा- बेबी गर्ल आएगी

वेस्टइंडीज के क्रिकेटर आंद्रे रसेल ने बताया कि वे पिता बनने वाले हैं। यह खुशखबरी उन्होंने अपने फैंस को यूनिक स्टाइल में बताई। उन्होंने अपनी पत्नी जेसिम लोरा के साथ क्रिकेट खेलते हुए एक वीडियो शेयर किया। इसमें जेसिम सफेद गेंद फेंकती हैं, जिसे बल्लेबाजी कर रहे रसेल हिट करते हैं। गेंद से गुलाबी धुआं निकलने लगता है। इसका मतलब है कि जेसिम बेटी को जन्म देने वाली हैं।रसेल आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए भी खेलते हैं।

अगर आपके पास भी हैं कुछ नई स्टोरीज या विचार, तो आप हमें इस ई-मेल पर भेज सकते हैं info@oneworldnews.com

Back to top button