हॉट टॉपिक्स

KaamKiKhabar : देश और दुनिया की लेटेस्ट खबरें – 7th September

देश और दुनिया की लेटेस्ट खबरें

  1. पीएम मोदी के साथ पूरा देश कर रहा था इंतजार और आखिरी 90 सेकंड में बदल गया सब
    भारत के चंद्रयान-2 मिशन के लैंडर विक्रम से चंद्रमा की सतह से महज दो किलोमीटर पहले इसरो का संपर्क टूट गया। इसरो के चीफ के सिवन ने कहा था, आखिरी के 15 मिनट बेहद अहम होंगे। इनमें से लगभग 13 मिनट तक सबकुछ ठीक था, लेकिन आखिरी के 90 सेकंड में जो हुआ उससे चांद पर सफलतापूर्वक पहुंचने का सपना अधूरा रह गया।

    2. चंद्रयान 2 प्रोजेक्ट डायरेक्टर ने कहा- मिशन नाकाम नहीं बल्कि आंशिक तौर पर सफल रहा
    मिशन नाकाम नहीं हुआ है बल्कि हमे आंशिक सफलता मिली है, हम बहुत करीब पहुंचे। ऑर्बिटर लैंडर की तस्वीरें भेजेगा। ऑर्बिटर अभी भी ट्रैक पर है और डेटा भेज रहा है। हिन्दुस्तान से बातचीत में इसरो के वरीय वैज्ञानिक और चंद्रयान 2 मिशन के प्रोजेक्ट डाइरेक्टर अमिताभ ने यह जानकारी दी। इसके अलावा लैंडर के क्रेश होने के सवाल पर इसरो के वैज्ञानिक देवी प्रसाद कार्णिक ने जवाब दिया कि डेटा का विश्लेषण किया जा रहा है। हमारे पास अभी तक कोई परिणाम नहीं है। इसमें समय लगता है।अभी कुछ भी कहना सही नहीं है।

    3.नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में लगी भीषण आग बुझी, कोई हताहत नहीं
    नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर 6 सितंबर को दोपहर बड़ा हादसा हो गया।  यहां प्लेटफॉर्म नंबर 8 पर खड़ी चंडीगढ़-कोचिवेली एक्सप्रेस की पावर कार में अचानक लपटें उठीं जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया।आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

    4.दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले केजरीवाल को लगा झटका, अलका ने आप का छोड़ा साथ, कांग्रेस का थामा हाथ
    चांदनी चौक से विधायक अलका लांबा ने 6 सितंबर को आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। लंबे समय से पार्टी नेतृत्व से नाराज चल रहीं अलका लांबा ने ट्वीट कर कहा कि अब आप को गुड बॉय करने का समय आ गया है। पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। उधर, आप छोड़ने के बाद उन्होंने कांग्रेस की सदस्यता ले ली है।

    5.डोरियन तूफान से 2,23,000 घरों की बिजली गुल, 30 की मौत, ब्रिटिश-अमेरिकी बलों ने संभाला मोर्चा
    कैरेबियाई देश बहामास में आए डोरियन तूफान ने अपने पीछे भयानक तबाही मंजर छोड़े हैं। तूफान से मरने वालों की संख्‍या बढ़कर 30 हो गई है। तूफान 5 सितंबर को कोरोलीना तट से टकराया जिसकी वजह से दक्षिण पूर्वी अमेरिका में 2,23,000 घरों और कंपनियों की बिजली गुल हो गई। संकट की इस घड़ी में कई देशों ने राहत और बचाव कार्यो के लिए मदद का हाथ बढ़ाया है। ब्रिटेन की नौसेना और अमेरिका के तटरक्षक बल ने 4 सितंबर को बहामास में प्रभावित इलाकों में फंसे कई लोगों को हेलीकॉप्टरों की मदद से निकाला और खाने-पीने की चीजें पहुंचाई।

    6. आधार कार्ड को लेकर UIDAI ने बदला नियम, नाम और पते में होगा बदलाव
    आधार जारी करने वाली संस्था UIDAI ने आधार अपडेशन के नियमों में कुछ बदलाव किए हैं। इसके लिए यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया  ने देश के कुछ शहरों में आधार सेवा केंद्र शुरू किए हैं। जिनमे यह राज्य  है  दिल्ली, चेन्नई, भोपाल, आगरा, हिसार, विजयवाड़ा और चंडीगढ़। इसके अलावा भोपाल, चेन्नई, पटना और गुवाहाटी में आधार सेवा केंद्र इस महीने शुरू हो जाएंगे। साथ ही यूआईडीएआई देश भर के 53 शहरों में 114 आधार सेवा केंद्र भी खोलने की प्लानिंग कर रहा है।।इन केंद्रों पर जाकर नया आधार बनवा सकते हैं, जबकि नाम, पता और जन्मतिथि में बदलाव या इससे जुड़ी जानकारी भी अपडेट करा सकते हैं। ये सेवाएं, यूआईडीएआई बैंकों, पोस्ट ऑफिस और सरकारी कार्यालय में देगा।

    7. फेसबुक ने शुरू की डेटिंग सर्विस, अब मिलेंगे खास फीचर्स
    फेसबुक डेटिंग सर्विस अमेरिका में शुरू हो रहा है और इसके साथ 20 देशों में ये ऑप्शन मिलेगा। हालांकि इन देशों में इंडिया का नाम नहीं है। कंपनी ने अभी इस सर्विस के भारत लॉन्च के बारे में कुछ भी नहीं कहा है। ये सर्विस साउथ इस्ट एशियन देशों में लॉन्च हो रहा है, इसलिए उम्मीद की जा सकती है इसे भारत में जल्द ही लॉन्च किया जाएगा। फेसबुक डेटिंग के साथ सीक्रेट क्रश फीचर  भी आया है।

    8. अमेरिका ने किया कश्मीर में लगे प्रतिबंधों में ढील देने का आग्रह
    अमेरिका के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मोर्गन ओर्टागस ने कश्मीर में प्रतिबंधों पर ढील देने का आग्रह किया है।मोर्गन ने नजरबंदी और घाटी के कुछ हिस्सों में मोबाइल और इंटरनेट सेवा बंद किए जाने पर चिंता व्यक्त की है।  मोर्गन ओर्टागस ने कहा कि हम आग्रह करते हैं कि कश्मीर मानवाधिकारों का उल्लंघन नहीं होना चाहिए।

    9. भारत-अमेरिका का संयुक्त सैन्य अभ्यास शुरू, 18 सितंबर तक रहेगा जारी
    भारत और अमेरिका के बीच एक संयुक्त सैन्य अभ्यास 6 सितंबर को वाशिंगटन में शुरू हुआ है।  यह सैन्य अभ्यास दोनों देशों के बीच जारी रक्षा सहयोग का हिस्सा है।इसका आयोजन ज्वॉइंट बेस लुईस मैककार्ड, वाशिंगटन में किया गया।

    10.  95 साल की उम्र में जिम्बाब्वे के पूर्व राष्ट्रपति रॉबर्ट मुगाबे का निधन
    जिम्बाब्वे के पूर्व राष्ट्रपति रॉबर्ट मुगाबे का सिंगापुर के एक अस्पताल में निधन हो गया।  95 साल के रॉबर्ट मुगाबे पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे थे। मुगाबे 1980 से 1987 तक प्रधानमंत्री और 1987 से 2017 तक राष्ट्रपति रहे थे।  यानी रॉबर्ट मुगाबे ने 37 सालों तक जिम्बाब्वे का नेतृत्व किया था।

अगर आपके पास भी हैं कुछ नई स्टोरीज या विचार, तो आप हमें इस ई-मेल पर भेज सकते हैं               info@oneworldnews.com

 

 

Back to top button