काम की बात

Delhi assembly: काले कपड़े पहनकर विधानसभा पहुंचे भाजपा विधायक, AAP ने किया कटाक्ष

Delhi assembly: काले कपड़े पहन विधानसभा पहुंचे विधायक तो आप ने कहा “कर्म तुम्हारे बुरे, कपड़े तुम्हारे बुरे”


  • Highlight
  • AAP विधायक सौरभ भारद्वाज ने कहा  कर्म तुम्हारे बुरे, कपड़े तुम्हारे बुरे।”
  • विधानसभा अध्यक्ष ने भाजपा के छह विधायकों को  सदन से निलंबित कर दिया।

Delhi assembly: दिल्ली विधानसभा में बीते मंगलवार भाजपा विधायकों ने केजरीवाल सरकार को घेरने का प्रयास किया। सदन में लोकतंत्र का पालन नहीं होने का आरोप लगाया। वहीं भाजपा विधायक काले कपड़े व काली पगड़ी पहनकर आए थे। इस दौरान भाजपा विधायक चाहते थे कि केजरीवाल सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार के मुद्दे पर चर्चा हो। लेकिन भाजपा विधायक का आरोप है कि विधानसभा अध्यक्ष उन्हें बोलने का मौका नहीं दिए। वहीं, विधानसभा के अध्यक्ष ने भाजपा के छह विधायकों को पूरे दिन के लिए मार्शलों के जरिये सदन से बाहर निकलवा दिया। इसके बाद भाजपा विधायकों ने मुख्यमंत्री पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए त्यागपत्र की मांग की।

वहीं  AAP विधायक सौरभ भारद्वाज ने भाजपा के काले कपड़ों पर कटाक्ष किया है।  उन्होंने कहा “भाजपा वाले सारे के सारे काले कपड़े पहन कर आए मुझे वह फिल्म याद आ गई नगीना फिल्म थी श्रीदेवी की, उसमें जो अमरीश पुरी थे वह ऐसे काले कपड़े पहनकर बीन लेकर घूमते थे। अगर यह अपनी फोटो अपने पोता-पोती को दिखा दे तो वह भी डर जाएंगे। कर्म तुम्हारे बुरे, कपड़े तुम्हारे बुरे।”

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि पार्टी विधायकों ने ‘‘सदन में लोकतंत्र की हत्या पर दुख” व्यक्त करने के लिए काले कपड़े पहने थे। बिधूड़ी ने कहा कि अध्यक्ष ने विपक्षी दल के विधायकों को केजरीवाल सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार के मुद्दे पर बोलने तक नहीं दिया। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘केजरीवाल सरकार तानाशाही और मनमाना रवैया अपनाकर विपक्ष का गला घोंट रही है।” उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा विधायकों ने भ्रष्टाचार के इस मुद्दे को नियमानुसार उठाने का अनुरोध किया था और यह एजेंडे में भी शामिल था, लेकिन अध्यक्ष ने हमें बोलने नहीं दिया।

भाजपा विधायक विजेंद्र गुप्ता ने आरोप लगाया कि कक्षाओं के लिए कमरों के निर्माण, बसों की खरीद और शराब नीति में घोटाला हुआ है। उन्होंने कहा, ‘‘कुल मिलाकर, केजरीवाल सरकार केवल भ्रष्टाचार कर रही है और मुख्यमंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए। हमने इस भ्रष्ट सरकार के खिलाफ विरोध जताने के लिए काले कपड़े पहने थे। भाजपा सदस्य अजय महावर ने बसों की खरीद, आबकारी नीति और दिल्ली जल बोर्ड की कार्यप्रणाली में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया।

Read More- CM Arvind Kejriwal: आप विधायकों ने एलजी के खिलाफ निकाला मार्च, सड़क पर उतरे केजरीवाल

सदन में 280 नियम के तहत विधायकों की ओर से बात रखी जा रही थी। तभी विधानसभा अध्यक्ष ने 12 बजे यह क्रम बंद करके शिक्षा पर चर्चा कराने का निर्णय लिया। भाजपा के कई विधायकों ने इसका विरोध किया। लेकिन विधानसभा अध्यक्ष ने बात नहीं मानी। इसके बाद भाजपा विधायक नियम 55 के तहत स्वीकृत हुई भ्रष्टाचार पर चर्चा कराने की मांग करने लगे। लेकिन विधानसभा अध्यक्ष ने मांग को अनसुना कर दिया। इसके विरोध में भाजपा विधायक गुस्से में आकर हंगामा करने लग गए।

इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने भाजपा विधायक मोहन सिंह बिष्ट, ओमप्रकाश शर्मा, जितेंद्र महाजन, अनिल वाजपेयी, अजय महावर और अभय वर्मा को सदन से निलंबित कर दिया। इसके बाद मार्शल बुलाकर सदन से निकलवा दिया। इस बीच नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी व विजेंद्र गुप्ता ने सदन का बहिष्कार कर दिया। भाजपा विधायक सदन से बाहर आने के बाद मुख्यमंत्री के त्यागपत्र की मांग को लेकर विधानसभा परिसर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के नीचे धरने पर बैठ गए।

वहीं, आम आदमी पार्टी की विधायक आतिशी ने कहा, “शिक्षा पर चर्चा शुरू होते ही भाजपा विधायक हंगामा करने लगे। बहुत शर्म की बात है कि एलजी साहब शिक्षकों को फिनलैंड जाने नहीं दे रहे। 2015 से पहले दिल्ली के सरकारी स्कूलों का हाल बेहाल था। 2015 के बाद यहां शिक्षा में क्रांति आई। हमारा 25 प्रतिशत बजट शिक्षा के लिए है। शिक्षकों की ट्रेनिंग पर भी खूब पैसा खर्च कर रहे हैं। लेकिन एलजी महोदय आज इस सबको रोक रहे हैं।”

आपको बताए इससे पहले सोमवार को इन्हीं मामलों को लेकर सदन से लेकर सड़क तक हंगामा हुआ था। सोमवार को शुरू विधानसभा के तीन दिवसीय सत्र में दिल्ली के सरकारी स्कूलों के शिक्षकों को प्रशिक्षण के लिए फिनलैंड भेजने के प्रस्ताव को एलजी द्वारा अटका देने का आरोप लगाते हुए आप विधायकों ने नारेबाजी की थी।

वहीं, वायु प्रदूषण पर सरकार की कथित निष्क्रियता के विरोध में विपक्षी भाजपा विधायक आक्सीजन सिलेंडर लेकर सदन पहुंच गए। इसी गहमागहमी और हंगामे के कारण विधानसभा की कार्यवाही को स्थगित कर दी गई। इसके बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में दिल्ली सरकार सड़क पर उतर गई।

अगर आपके पास भी हैं कुछ नई स्टोरीज या विचार, तो आप हमें इस ई-मेल पर भेज सकते हैं info@oneworldnews.com

Back to top button